बीकानेर(नारायण उपाध्याय)। शहर की कोटगेट पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए लालजी होटल के सामने से चोरी हुई टैक्सी को मात्र 24 घंटे में बरामद कर वाहन चोरी की वारदात का खुलासा कर दिया। प्रकरण दर्ज होने के तुरंत बाद गठित पुलिस टीम की सतर्कता और तकनीकी जांच के चलते आरोपी को दस्तयाब किया गया।
दिनांक 05 जनवरी 2026 को राधेश्याम पुत्र जगदीश चंद, जाति बिश्नोई, उम्र 48 वर्ष, निवासी घड़सीसर रोड, आदर्श विद्या मंदिर के पीछे, पुलिस थाना गंगाशहर, बीकानेर ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि दिनांक 25 दिसंबर 2025 को वह अपनी टैक्सी नंबर RJ07PB5287 लेकर लालजी होटल, नोखा रोड, गंगाशहर के पास सवारी के इंतजार में खड़ा था। सवारियों से बातचीत के दौरान किसी अज्ञात व्यक्ति ने उसकी टैक्सी चोरी कर ली। काफी तलाश के बाद भी टैक्सी का कोई सुराग नहीं मिला, जिस पर मामला दर्ज किया गया।
पुलिस अधीक्षक कावेन्द्र सिंह सागर के निर्देशानुसार शहर में हो रही वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया गया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर चक्रवर्ती सिंह राठौड़ के नेतृत्व एवं सीओ सिटी अनुज डाल के सुपरविजन में कोटगेट थानाधिकारी गौरव बोहरा उप निरीक्षक द्वारा थाना स्तर पर टीम गठित की गई।
पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों एवं मुखबिर सूचना के आधार पर देवीसिंह पुत्र मूल सिंह, जाति राजपूत, उम्र 34 वर्ष, निवासी मकान नंबर 12/196, वार्ड नंबर 60, मुक्ता प्रसाद नगर, बीकानेर हाल निवासी ख्वाजा कॉलोनी, लक्ष्मी धर्मकांटे के पास, करणी नगर इंडस्ट्रियल एरिया को दस्तयाब कर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने लालजी होटल के पास से टैक्सी चोरी करना स्वीकार किया। आरोपी की निशानदेही पर चोरी की गई टैक्सी RJ07PB5287 बरामद कर प्रकरण में माल मशरूका के रूप में जब्त की गई। बाद अनुसंधान आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया।
इस कार्रवाई में गिरधारीदान हैडकांस्टेबल 65, हेतराम हैडकांस्टेबल 153, प्रवीण हैडकांस्टेबल 138, संपतलाल कांस्टेबल 2179 एवं नरेश कांस्टेबल 2156 शामिल रहे। मामले के खुलासे में हैडकांस्टेबल हेतराम की विशेष भूमिका रही।