अलवर: आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण जयपुर डॉ.टी.शुभमांगला एवं जिला कलेक्टर अलवर तथा सीएमएचओ डॉ.योगेंद्र शर्मा के निर्देशन में जिले में शुद्ध आहार–मिलावट पर वार अभियान के तहत कार्रवाई की गई। आयुक्तालय के निर्देशानुसार एसपी ट्रेडिंग कंपनी, केरल गंज अलवर से गुड़ का नमूना लिया गया। ग्राम निवेद, तहसील लक्ष्मणगढ़ स्थित वृंदावन मिल्क प्रोडक्ट (मिल्क सीलिंग केंद्र) से दूध का नमूना, सखी महिला मिल्क प्रोड्यूसर कंपनी शीतल से दूध व घी के नमूने तथा गोयल किराना स्टोर, बड़ौदा (तहसील लक्ष्मणगढ़) से गुड़ का नमूना जांच हेतु प्रयोगशाला भिजवाया गया। मिलावट की आशंका पर करीब 190 किलो गुड़ जब्त किया गया। जांच रिपोर्ट आने पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
जनवरी–फरवरी 2026 में जिले में 31 खाद्य लाइसेंस शिविर लगाए जाएंगे, जिनमें सभी मिल्क वेंडर, खाद्य परिवहनकर्ता, शराब विक्रेता, सब्जी-फल विक्रेता, दूध डेयरी/समिति, चाट ठेले सहित समस्त खाद्य कारोबारियों के लाइसेंस बनाए जाएंगे। इसके बाद बिना लाइसेंस/रजिस्ट्रेशन कार्य करने पर एफएसएसए 2006 के तहत 10 लाख रुपये तक की पेनल्टी का प्रावधान है। कार्रवाई के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी केशव गोयल, जय सिंह यादव, अशोक लखेरा एवं विश्व बंधु गुप्ता उपस्थित रहे।