बीडीए बोर्ड बैठक में 18 प्रस्ताव मंजूर, 3 नई आवासीय योजनाओं को स्वीकृती

AYUSH ANTIMA
By -
0


बीकानेर(नारायण उपाध्याय)। बीकानेर विकास प्राधिकरण की बोर्ड बैठक मंगलवार को बीडीए अध्यक्ष एवं जिला कलेक्टर नम्रता वृष्णि की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित हुई। बैठक में कुल 18 प्रस्तावों को मंजूरी दी गई, जिनमें इस वर्ष तीन नई आवासीय/मिश्रित योजनाओं की लॉन्चिंग, जयनारायण व्यास कॉलोनी व सादुलगंज को नगर निगम को सौंपने, किराया दरों में संशोधन सहित कई अहम निर्णय शामिल रहे।
बैठक में बी.एस.एम. मिश्रित योजना (जोन-ए) के तहत श्रीगंगानगर–जयपुर बाईपास के पास 35 हेक्टेयर भूमि पर 450 प्लॉट, भोजनशाला वेयरहाउस योजना (जोन-बी) तथा नाल एयरपोर्ट के समीप नाल इंटीग्रेटेड टाउनशिप योजना (जोन-डी) को मंजूरी दी गई। जयनारायण व्यास कॉलोनी व सादुलगंज का रिकॉर्ड डिजिटलाइजेशन कर 31 मार्च तक नगर निगम को सौंपा जाएगा। जोड़बीड़ योजना में सड़कों, चारदीवारी और पीएचईडी, विद्युत व सीवर कार्यों को भी अनुमोदन मिला।
बैठक में टाउन हॉल व रविन्द्र रंगमंच की किराया दरें 10 साल बाद बढ़ाने का निर्णय लिया गया। टाउन हॉल का किराया 4,997 से बढ़ाकर 10 हजार, रविन्द्र रंगमंच का 20 हजार से 50 हजार तथा अंबेडकर सामुदायिक भवन का किराया 29,237 से बढ़ाकर 45 हजार किया गया। साथ ही ऑनलाइन बुकिंग शुरू करने की स्वीकृति दी गई। राजाशाही पट्टे व उनसे लगी खांचा भूमि को निगम के क्षेत्राधिकार में लाने का भी निर्णय हुआ।
बीडीए आयुक्त अपर्णा गुप्ता ने बताया कि बीडीए की आय 2024-25 में 90 करोड़ से बढ़कर 2025-26 में 369 करोड़ हो गई है, जो बढ़कर लगभग 385 करोड़ होने की संभावना है। वर्ष भर में करीब 1 हजार बीघा भूमि अतिक्रमण मुक्त करवाई गई है तथा लगभग 200 करोड़ के विकास कार्य प्रगति पर हैं। बजट घोषणा के सभी कार्यों पर तेजी से काम चल रहा है और बीडीए रिकॉर्ड का एनआईसी के माध्यम से डिजिटलाइजेशन किया जा रहा है।
बैठक में नगर निगम आयुक्त मयंक मनीष, जिला परिषद सीईओ सोहनलाल, बीडीए सचिव कुलराज मीणा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहें।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!