बीकानेर: खेल लेखक स्व.झंवर लाल व्यास रंगीला की स्मृति में बीसवीं अंडर-14 जिला स्तरीय शतरंज प्रतियोगिता गुरुवार को लक्ष्मीनारायण रंगा सृजन कुंज में शुरू हुई। प्रतियोगिता के लिए 74 शातिरों ने पंजीकरण करवाया है। पहले दिन खेले गए चार मुकाबलों में एकलव्य गोस्वामी, जैमन कोठारी और मानवेंद्र सिंह चार अंकों के साथ संयुक्त बढ़त पर रहे। आरव जांगिड़, आदित्य चूरा और नैनसी बोड़ा ने 3.5-3.5 अंक हासिल किए, वहीं 13 शातिरों ने तीन-तीन अंक प्राप्त किए। इससे पहले सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के सहायक निदेशक डॉ.अरविंद आचार्य और शिक्षाविद राजेश रंगा तथा प्रशिक्षक हर्षवर्धन हर्ष और डीपी छींपा ने मोहरे चलकर प्रतियोगिता की शुरुआत की। डॉ.आचार्य ने कहा कि रंगीला फाउंडेशन द्वारा पिछले बीस वर्षों से उभरते शातिरों को मंच प्रदान किया जा रहा है। इनमें से कई शातिर बड़ी प्रतियोगिताओं में बीकानेर का नाम रोशन कर चुके हैं। रंगा ने कहा कि सर्वांगीण विकास में खेलों की भूमिका महत्वपूर्ण है, शतरंज से मानसिक विकास होता है।
फाउन्डेशन अध्यक्ष एड.बसंत आचार्य ने संस्थान की गतिविधियों के बारे में बताया। आयोजन प्रभारी एड.जुगल किशोर व्यास ने बताया कि शुक्रवार को प्रतियोगिता का समापन होगा। विजेताओं को 3 जनवरी को रंगीला की पुण्यतिथि पर पुरस्कार दिए जाएंगे। दुर्गाशंकर आचार्य ने रंगीला के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डाला। प्रतियोगिता में आर्बिटर के रूप में डीपी छींपा, भवानी आचार्य, भानू आचार्य, हर्षवर्धन हर्ष, शिव शंकर बोहरा, दिव्या दाधीच और उषा ओझा ने भागीदारी निभाई। इस दौरान राजेन्द्र व्यास, अनिरुद्ध आचार्य, मोहित व्यास, हरिनारायण आचार्य, रोहित व्यास, विनीत व्यास आदि मौजूद रहे।