बज्जू। बज्जू थाना क्षेत्र में दो पोतियों के अपहरण और परिवार को दी गई लगातार धमकियों के गहरे सदमे में दादा द्वारा जहर खाकर जान देने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने परिवादी की रिपोर्ट पर छह नामजद सहित अन्य अज्ञात आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
परिवादी बुधराम पुत्र चौथाराम विश्नोई, निवासी बज्जू खालसा ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि 19 नवंबर 2025 की रात शिशपाल पुत्र गंगाराम, श्रीचंद पुत्र शिशपाल, राकेश पुत्र शिशपाल, सुरेश भादू (निवासी मोडायत) और अभिषेक पुत्र मोहनराम, मोहनराम पुत्र सुखराम (निवासी लोहावट) सहित 3–4 अन्य युवक गाड़ियों में सवार होकर उनके घर पहुंचे। आरोप है कि सभी ने एकराय होकर घर में जबरदस्ती प्रवेश किया, परिजनों को धमकाया और उनकी पोतियों कविता व किरण का अपहरण कर वाहन में डालकर ले गए। परिवादी के अनुसार, आरोपी घटना के बाद भी दोबारा घर आए और चेतावनी दी कि यदि किसी को बताया या पुलिस में शिकायत की तो पूरे परिवार को जान से मार देंगे। दो पोतियों के अपहरण और लगातार धमकियों के गहरे सदमे में दादा चौथाराम मानसिक रूप से टूट गए और 27 नवंबर को जहर खा लिया। उन्हें गंभीर हालत में पीबीएम अस्पताल लाया गया, जहां 30 नवंबर को उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना के बाद मोर्चरी कक्ष के बाहर परिवादी ने पुलिस को लिखित रिपोर्ट सौंपी। प्रारंभिक जांच के आधार पर पुलिस ने बीएनएस की विभिन्न धाराओं के के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच उपनिरीक्षक मनीराम को सौंप दी है।