बीकानेर। नापासर थाना क्षेत्र के हिम्मतासर गांव में मजदूरी के तीन हजार रुपये मांगना एक युवक को भारी पड़ गया। पीड़ित सुरजाराम पुत्र जेठाराम मेघवाल (33) निवासी हिम्मतासर ने पुलिस में दी रिपोर्ट में बताया कि वह विवाह समारोहों में वेटर का काम करता है। एक सप्ताह पहले प्रहलाद मेघवाल के कहने पर वह मजदूरी करने गया था, जिसकी कुल राशि 3000 रुपये बनी। पीड़ित सुरजाराम के अनुसार, 30 नवम्बर दोपहर 1 बजे जब उसने प्रहलाद से मजदूरी मांगी, तो उसने गालियां देते हुए जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद शाम करीब 4 बजे सुरजाराम अपने घर की छत पर काम कर रहा था, तभी प्रहलाद पुत्र रामेश्वरलाल व विक्रम पुत्र रामेश्वरलाल छत पर चढ़ आए और वहां रखी ईंटों व कंकड़-पत्थरों से हमला कर दिया। हमले में सुरजाराम गंभीर रूप से घायल हो गया। बीच-बचाव करने आई उसकी पत्नी से भी दोनों आरोपियों ने मारपीट की और घर पर पत्थरबाजी की। सिर में चोट लगने से सुरजाराम बेहोश हो गया, जिसके बाद उसे एम्बुलेंस से बीकानेर के ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां उसके सिर पर छह टांके लगाए गए।
थाना पुलिस ने पीड़ित के शरीर पर लगी चोटों का सत्यापन कर विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया है। मामले की जांच ASI जगदीश कुमार को सौंप दी गई है। पीड़ित ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।