बीकानेर में ठंड ने बदला मिज़ाज: पारा अभी भी सामान्य से ऊपर, आगे बढ़ेगी सर्दी की रफ्तार

AYUSH ANTIMA
By -
0


बीकानेर। दिसंबर की शुरुआत में जहां आमतौर पर शीतलहर का असर साफ नजर आने लगता है, इस बार मौसम का मिज़ाज कुछ बदला-बदला दिख रहा है। सामान्य दिनों में न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच जाता है, लेकिन इस बार पारा पिछले कुछ दिनों से 14 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ था। हालांकि सोमवार रात में तापमान अचानक लुढ़ककर 9 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है।

पिछले 24 घंटों में बीकानेर का अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड हुआ, जबकि न्यूनतम 9.3 डिग्री सेल्सियस रहा। दिन और रात के तापमान में तीन गुना अंतर होने की वजह से शहर में सर्दी–जुकाम के मरीज बढ़ने लगे हैं। मौसम जानकारों के अनुसार दिसंबर के पहले सप्ताह में आमतौर पर पारा 9 डिग्री से भी नीचे चला जाता है, लेकिन फिलहाल बीकानेर में ठंड का असर उम्मीद से कम है।

तीन से सात दिसंबर तक शीतलहर का प्रकोप

मौसम विभाग के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि 3 दिसंबर से 7 दिसंबर के बीच बीकानेर संभाग में शीतलहर चलने की संभावना है। इस दौरान न्यूनतम तापमान में 5 से 7 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है। तापमान गिरकर 5 से 6 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। शर्मा के अनुसार, अगले एक सप्ताह तक प्रदेश में शीतलहर का दौर जारी रहेगा। उसके बाद तापमान धीरे-धीरे सामान्य स्थिति में लौट सकता है।

पश्चिमी विक्षोभ की दस्तक, लेकिन बारिश की संभावना कम

आने वाले दिनों में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, लेकिन बीकानेर में मावठ या हल्की बारिश की संभावना बेहद कम मानी जा रही है। कई बार दिसंबर में हल्की रिमझिम देखने को मिलती है, लेकिन इस बार शुरुआती सप्ताह में बारिश की संभावना लगभग नहीं है। हालांकि महीने के अंतिम दिनों में बारिश की हल्की उम्मीद जताई जा रही है।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!