बीकानेर । नोखा थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े महिला से मंगलसूत्र लूटने की सनसनीखेज घटना सामने आई है। इस संबंध में सुरेश कुमार पुत्र मघाराम छीपा (43), निवासी गोगागेट बीकानेर हाल किरायेदार जोरावरपुरा नोखा ने थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई है।
रिपोर्ट के अनुसार 17 दिसंबर 2025 को शाम करीब 5.30 बजे उनकी पत्नी सुमन अपने पीहर से घर लौट रही थी। जैसे ही वह समता भवन चौराहे पर पहुंची, तभी पीछे से स्प्लेंडर पल्स प्रो मोटरसाइकिल (नंबर आरजे-50-एससी-4187) पर सवार दो युवक वहां आए। दोनों ने रास्ता पूछने के बहाने महिला को रोका और अचानक उनमें से एक ने झपट्टा मारकर गले में पहना सोने का मंगलसूत्र तोड़ लिया। इसके बाद आरोपी मौके से भागने लगे।
महिला ने साहस दिखाते हुए मोटरसाइकिल को गिरा दिया और शोर मचाया। आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक दोनों आरोपी गलियों के रास्ते पैदल फरार हो गए। मौके पर मौजूद लोगों ने आरोपियों की पहचान भागीरथ पुत्र कानाराम जाट निवासी स्वरूपसर तथा पुखराज जाट निवासी कक्कू के रूप में बताई।
पुलिस के अनुसार घटना के बाद महिला अचानक घबराहट और अस्वस्थता के चलते रात में ही बेहोश हो गई, जिसके कारण रिपोर्ट दर्ज कराने में देरी हुई। बाद में परिजनों ने थाने पहुंचकर घटना की सूचना दी। पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। प्रकरण की जांच हेड कांस्टेबल नत्थाराम को सौंपी गई है।