बीकानेर। पांचू थाना क्षेत्र में एक परिवार के साथ मारपीट, लज्जा भंग करने की नीयत से अभद्रता, फूहड़ गालियां देने और सामान जबरन ले जाने का मामला सामने आया है। इस संबंध में पुलिस थाना पांचू में प्रकरण दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार प्रार्थी पवन पुत्र कालूराम, जाति मेघवाल, निवासी कुदसु (हाल निवासी वार्ड नंबर 13, कोलायत तहसील कोलायत, जिला बीकानेर) ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। परिवादी ने आरोप लगाया कि आरोपियों ने उसके व उसके परिवार के साथ मारपीट की, महिलाओं के साथ लज्जा भंग करने की नीयत से अभद्र व्यवहार किया, फूहड़ गालियां निकालीं तथा घर का सामान जबरन उठा ले गए।
रिपोर्ट में जिन लोगों के खिलाफ आरोप लगाए गए हैं, उनमें दीपाराम पुत्र अचलाराम, लक्ष्मण पुत्र दीपाराम, नरूराम पुत्र दीपाराम, सुखाराम पुत्र अचलाराम, हेतराम पुत्र सुखाराम, बाबूलाल पुत्र सुखाराम, सुभाष पुत्र हरकाराम तथा हरकाराम पुत्र अचलाराम सहित अन्य निवासी कुदसु बताए गए हैं। प्रार्थी की रिपोर्ट पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।