बीकानेर। महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) को कमजोर करने, महात्मा गांधी के नाम को हटाने तथा रोजगार के कानूनी अधिकार को समाप्त करने की कथित साजिशों के विरोध में कांग्रेस द्वारा सोमवार, 22 दिसंबर को बीकानेर में शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के आह्वान एवं राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार बीकानेर शहर व देहात कांग्रेस कमेटी के संयुक्त तत्वावधान में यह पैदल मार्च आयोजित होगा। प्रदर्शन दोपहर 12:30 बजे गांधीजी पार्क से प्रारंभ होकर जिला कलेक्ट्रेट तक जाएगा।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि मनरेगा ग्रामीण गरीबों के लिए आजीविका का महत्वपूर्ण आधार है और इससे छेड़छाड़ किसी भी रूप में स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने आमजन से इस शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन में सहभागिता की अपील की है।
इस संबंध में जिला कांग्रेस कमेटी बीकानेर द्वारा सूचना जारी की गई है। शहर कांग्रेस अध्यक्ष मदनगोपाल मेघवाल एवं देहात कांग्रेस अध्यक्ष बिशनाराम सियाग ने मीडिया बंधुओं एवं कार्यकर्ताओं से कार्यक्रम में उपस्थित रहने का आग्रह किया है।