बीकानेर। ये शाम मस्तानी म्यूजिकल फाउंडेशन (रजि. जयपुर) की बीकानेर शाखा द्वारा महान पार्श्वगायक स्वर्गीय मोहम्मद रफी की 101वीं जयंती के अवसर पर 24 दिसंबर 2025, बुधवार की शाम स्थानीय महाराजा नरेंद्र सिंह ऑडिटोरियम में “तुम मुझे यूं भुला ना पाओगे” स्वारंजलि गीत–संगीत कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम के मंच बैनर का विमोचन रविवार को बीकानेर पश्चिम विधायक जेठानंद व्यास ने अपने जनसुनवाई कार्यालय परिसर में किया।
कार्यक्रम आयोजक व संस्था संरक्षक सुनील दत्त नागल ने बताया कि रफी साहब की याद में यह संगीतमय श्रद्धांजलि बीकानेर के संगीत प्रेमियों के लिए विशेष होगी। बैनर विमोचन के दौरान विधायक जेठानंद व्यास ने कार्यक्रम को बीकानेर के लिए गौरवपूर्ण बताते हुए आयोजन की सफलता की शुभकामनाएं दीं। वहीं भाजपा शहर अध्यक्ष सुमन छाजेड़ ने भी संस्था को बधाई दी।
नागल ने बताया कि कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अनिल राठौड़ (संयुक्त निदेशक, पर्यटन विभाग) होंगे। विशेष अतिथियों में विधायक जेठानंद व्यास व सुमन छाजेड़ शामिल रहेंगे। कार्यक्रम में जयपुर से संस्था के संस्थापक गणेश मल सुथार व अध्यक्ष सतीश शर्मा भी शिरकत करेंगे।
इस अवसर पर बीकानेर के स्थानीय गायक कलाकारों सहित कई कलाकार रफी साहब के सदाबहार गीतों से उन्हें स्वारंजलि देंगे। कार्यक्रम का मंच संचालन नरेश खत्री करेंगे।