बीकानेर। पूजा-पाठ के नाम पर खुद को सेना से जुड़ा बताकर साइबर ठगी करने का मामला सामने आया है। इस संबंध में नत्थूसर गेट क्षेत्र निवासी सुरेश कुमार पुरोहित ने नयाशहर पुलिस थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
परिवादी के अनुसार 15 दिसंबर की शाम करीब 7 बजे मनोज कुमार शर्मा नाम का एक व्यक्ति उसके घर आया और बताया कि मिलिट्री एरिया में स्थित एक मंदिर की प्राण-प्रतिष्ठा करवाई जानी है। उसने कहा कि इस कार्य के लिए प्रमील कुमार नाम का व्यक्ति संपर्क करेगा। इसके अगले दिन 16 दिसंबर को प्रमील नामक व्यक्ति ने वाट्सऐप के माध्यम से संपर्क किया और स्वयं को सेना का अधिकारी बताते हुए भरोसा दिलाने के लिए आईडी और वर्दी से जुड़े दस्तावेज भी भेजे।
परिवादी ने बताया कि प्रमील ने मंदिर से संबंधित फोटो भेजते हुए पूजा आयोजन की बात कही और 17 दिसंबर को कई बार संपर्क किया। इसके बाद दक्षिणा के नाम पर एक एपीके फाइल डाउनलोड करवाकर खाते से दो बार में करीब 45 हजार रुपये निकाल लिए गए। पहली बार 21,999 रुपये और दूसरी बार 22,990 रुपये खाते से कटे। इसके बाद आरोपी का मोबाइल बंद हो गया और संपर्क नहीं हो सका।
पीड़ित ने पुलिस को बताया कि वह नियमित रूप से पूजा-पाठ करता है और उसके पास यजमान आते रहते हैं। इसी विश्वास का दुरुपयोग कर साइबर ठगों ने खुद को सेना से जुड़ा बताकर धोखाधड़ी की। नयाशहर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।