बीकानेर। महिला हुनर प्रशिक्षण केंद्र के अंतर्गत पिछले तीन महीनों से संचालित ब्यूटी थैरेपिस्ट डिप्लोमा प्रशिक्षण का समापन 21 दिसंबर को फड़ बाजार स्थित सामुदायिक केंद्र में हुआ। प्रशिक्षण कार्यक्रम में 15 महिलाओं को प्रशिक्षिका मनीषा सरवटे द्वारा प्रशिक्षण दिया गया।
डॉ. रेशमा वर्मा ने बताया कि प्रशिक्षण के दौरान महिलाओं को बेसिक व एडवांस ब्यूटी थैरेपिस्ट कोर्स की लिखित, मौखिक एवं प्रैक्टिकल जानकारी दी गई। साथ ही विभिन्न सामाजिक गतिविधियों से जोड़कर उनके आत्मविश्वास और कौशल को सशक्त किया गया।
समापन कार्यक्रम में अतिथि कौशलेश गोस्वामी तथा नरेश खत्री (छाबड़ा), अध्यक्ष भारत विकास परिषद बीकाणा इकाई ने प्रशिक्षण पूर्ण कर चुकी महिलाओं को प्रमाण पत्र प्रदान किए। नरेश खत्री ने महिलाओं से एकजुट होकर कार्य करने का आह्वान किया और कहा कि समूह में काम करने से हुनर को नई ताकत मिलती है।
इस अवसर पर प्रशिक्षिका मनीषा सरवटे को भी सर्टिफिकेट एवं अवार्ड देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में सभी महिलाओं ने प्रशिक्षण के बाद रोजगार व स्वरोजगार शुरू करने का संकल्प लिया। अतिथियों ने सभी के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।