अलवर: नेता प्रतिपक्ष एवं अलवर ग्रामीण विधायक टीकाराम जूली ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की नीतियों के खिलाफ आज़ देश की राजधानी दिल्ली में राहुल गांधी के नेतृत्व में एक विशाल महारैली का आयोजन किया जा रहा है। इस महारैली में अलवर ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र से सैकड़ों गाड़ियों के जरिए हजारों की संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता दिल्ली के लिए रवाना होंगे। उन्होंने बताया कि राजस्थान प्रदेश से 50 हजार से अधिक कांग्रेस कार्यकर्ता इस महारैली में भाग लेकर इसे सफल बनाने के लिए एकजुट हो रहे हैं। जूली ने कहा कि यह आयोजन भारतीय जनता पार्टी के कुशासन के खिलाफ और “वोट चोर गद्दी छोड़ो” अभियान के तहत किया जा रहा है, जिसमें कांग्रेस कार्यकर्ता पूरी एकजुटता के साथ जुटे हुए हैं। टीकाराम जूली ने कहा कि यह केवल एक महारैली नहीं है, बल्कि संविधान पर हो रहे हमलों और चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर उठ रहे सवालों के खिलाफ एक बड़ा लोकतांत्रिक आंदोलन है। उन्होंने बताया कि इस आयोजन का नेतृत्व लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी कर रहे हैं और इसमें देशभर से कांग्रेस कार्यकर्ता एवं समर्थक भाग लेंगे।
3/related/default