बीकानेर(नारायण उपाध्याय)। पुलिस थाना नयाशहर ने दुष्कर्म के एक पुराने मामले में बड़ी सफलता हासिल करते हुए दो वर्षों से फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी घटना के बाद से लगातार अपनी पहचान और स्थान बदलकर फरारी काट रहा था। गिरफ्तार आरोपी से गहन अनुसंधान एवं पूछताछ जारी है।
प्रकरण के अनुसार, दिनांक 28 अक्टूबर 2023 को प्रार्थिया ने थाना नयाशहर में रिपोर्ट दर्ज करवाई थी कि उसकी नाबालिग पुत्री 27 अक्टूबर 2023 को स्कूल जाने के लिए घर से निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। परिजनों द्वारा आसपास तलाश करने के बावजूद उसका कोई पता नहीं चल सका। रिपोर्ट के आधार पर अभियोग दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया तथा आरोपी की तलाश की जा रही थी। बीकानेर रेंज आईजी हेमन्त शर्मा एवं पुलिस अधीक्षक कावेन्द्र सिंह सागर द्वारा लंबित पुराने प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए गए थे। इन निर्देशों की पालना में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर चक्रवर्ती सिंह राठौड़ के निर्देशन एवं सीओ सिटी अनुज डाल के नेतृत्व में थानाधिकारी नयाशहर कविता पुनियां द्वारा विशेष टीम का गठन किया गया। टीम का नेतृत्व हैड कांस्टेबल महिपाल सिंह 3060 द्वारा किया गया।
टीम ने तकनीकी सहायता एवं मुखबिर तंत्र के माध्यम से आरोपी की लगातार निगरानी की। आरोपी शातिर किस्म का होने के कारण बार-बार अपना ठिकाना बदल रहा था। अथक प्रयासों के बाद पुलिस को आरोपी की लोकेशन की पुख्ता सूचना मिली, जिसके आधार पर 30 दिसंबर 2025 को जयपुर जिले के बगरू क्षेत्र में एक डायपर फैक्ट्री में रेड कार्रवाई कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया। आरोपी वहां मजदूरी का काम कर रहा था।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान धनेसिंह उर्फ बंटी पुत्र मंगेज सिंह, जाति राजपूत, उम्र 22 वर्ष, निवासी राजपूतों का बास, भैंसड़ा कला, पुलिस थाना जसनगर, जिला नागौर के रूप में हुई है। पुलिस द्वारा आरोपी से मामले को लेकर विस्तृत पूछताछ एवं अनुसंधान किया जा रहा है। इस कार्रवाई में थानाधिकारी कविता पुनियां, हैड कांस्टेबल महिपाल सिंह, कांस्टेबल कपिल कुमार तथा कांस्टेबल पुरूषोतम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।