बीकानेर जिले के बज्जू थाना क्षेत्र में लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहे युवक और युवती ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना शनिवार देर रात की बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार युवती की शादी कहीं और तय हो चुकी थी, जिसे लेकर दोनों पर लगातार पारिवारिक दबाव बनाया जा रहा था। इसी मानसिक तनाव के चलते दोनों ने यह कदम उठाया। मृतकों की पहचान प्रकाश (21) और करिश्मा (20) के रूप में हुई है। दोनों जोगी कालबेलिया समाज से हैं और पिछले जुलाई माह से साथ रह रहे थे।
थानाधिकारी जगदीश प्रसाद ने बताया कि शनिवार रात प्रकाश के माता-पिता घर के दूसरे कमरे में सो रहे थे, जबकि प्रकाश और करिश्मा पास वाले कमरे में थे। देर रात कमरे से मोबाइल पर तेज आवाज में गाने चलने लगे, जिसे परिजनों ने सामान्य बात समझा। रात में दरवाजा खटखटाने पर अंदर से कोई जवाब नहीं आया। सुबह जब परिजन उन्हें जगाने पहुंचे तो दोनों फंदे पर लटके मिले। परिजनों ने पुलिस को सूचना देने से पहले शवों को नीचे उतार लिया और अस्पताल पहुंचाया।
पुलिस ने बताया कि मौके पर पहुंचने से पहले शव फंदे से उतारे जा चुके थे, ऐसे में जांच के लिए एफएसएल टीम को बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए हैं। दोनों शवों का पोस्टमार्टम बज्जू उप जिला चिकित्सालय में मेडिकल बोर्ड से कराया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई तय की जाएगी। पुलिस पूरे मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए सभी पहलुओं की जांच कर रही है। दोनों पक्षों के परिजनों ने पुलिस को लिखित रिपोर्ट सौंपी है।
परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार करिश्मा किसी अन्य युवक से शादी नहीं करना चाहती थी, जबकि उसका रिश्ता परिवार ने कहीं और तय कर दिया था। इसी बात को लेकर घर में तनाव का माहौल था। फिलहाल पुलिस परिजनों से पूछताछ कर पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने में जुटी हुई है।