निवाई (लालचंद सैनी): रानी लक्ष्मीबाई कन्या महाविद्यालय में यूथ विजिट का दो दिवसीय प्रोग्राम के तहत लगभग 15 राजकीय विद्यालय एवं महाविद्यालय की छात्राओं ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में भाग लिया। प्राचार्य डॉ. रेनू अग्रवाल ने बताया कि कार्यक्रम का शुभारंभ ओमप्रकाश गुप्ता, बलराम कृष्ण शर्मा, मोहम्मद इश्तियाक, हनुमान सहाय पारीक, डॉ.सुमित्रा सारंगावत व डॉ.सोनिया जोशी द्वारा द्वीप प्रज्वलन करके किया गया। कार्यक्रम में सर्व प्रथम मांडना प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें 30 से अधिक प्रतिभागियों ने भाग लिया। सोशल मीडिया विषय पर वाद विवाद प्रतियोगिता में 40 से अधिक प्रतिभागियों ने भाग लिया। इसी प्रकार गेट डेकोरेशन प्रतियोगिता में 10 समूहों, सांस्कृतिक कार्यक्रम में युगल नृत्य में 15 टीमों, समूह नृत्य में 11 टीमों ने भाग लिया। उन्होंने बताया कि सभी प्रतियोगिताओं के परिणाम निर्णायकों द्वारा गुरुवार को आयोजित कार्यक्रम में घोषित किए जाएंगे। विजेता प्रतियोगियों को पारितोषिक का वितरण भी किया जाएगा। कार्यक्रम में महाविद्यालय उप प्राचार्य दीपेंद्र सिंह, रोहन पारीक, अनीश खान, गोविंदा गौतम, प्रिया चौधरी, कोमल स्वामी, अश्विनी लक्षकार, कविता वर्मा व कैलाशचंद विजय सहित कई शिक्षाविद मौजूद थे।
3/related/default