बीकानेर(नारायण उपाध्याय )। गंभीर बीमारी से जूझ रहे बुजुर्ग पिता से धोखाधड़ी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मुक्ताप्रसाद कॉलोनी थाना क्षेत्र में इस्तगासा के जरिए पिता ने अपने ही पुत्र व पुत्रवधु के खिलाफ ठगी का मामला दर्ज कराया है। मामला गली नंबर 20, रामपुरा बस्ती का है, इस्तगासे के अनुसार धोखाधड़ी की अवधि 19 दिसंबर 2024 से अब तक बताई गई है। प्रार्थी जयशंकर मिश्रा पुत्र स्व. अंबिका प्रसाद मिश्रा ने न्यायालय के माध्यम से रिपोर्ट पेश की।
प्रार्थी का आरोप है कि उसकी गंभीर बीमारी का फायदा उठाते हुए आरोपियों ने उससे चेक पर हस्ताक्षर करवा कर राशि हड़प ली तथा लॉकर से नकदी व आभूषण भी निकाल लिए। इस्तगासा के आधार पर अर्चना शुक्ला पत्नी दिनेश मिश्रा एवं दिनेश मिश्रा पुत्र जयशंकर मिश्रा, निवासी शिवजी मंदिर के पीछे, सुभाषपुरा, बीकानेर के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने प्रकरण की जांच शुरू कर दी है।