बीकानेर/जयपुर। प्रदेश के उप मुख्यमंत्री डॉ. प्रेम चंद बैरवा ने बुधवार को जयपुर में दैनिक ‘आयुष अंतिमा’ के बीकानेर संस्करण का विधिवत शुभारंभ किया। शुभारंभ के दौरान उन्होंने समाचार पत्र के नए संस्करण को जनसरोकारों की सशक्त आवाज बताते हुए उम्मीद जताई कि यह पत्रकारिता के उच्च मूल्यों को आगे बढ़ाएगा और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को विश्वसनीय तरीके से आमजन तक पहुंचाने में सार्थक भूमिका निभाएगा।
समाचार पत्र के प्रधान संपादक डॉ. श्रीराम इंदौरिया ने बताया कि ‘आयुष अंतिमा’ वर्ष 2021 से जयपुर से निरंतर प्रकाशित हो रहा है और अब बीकानेर से इसका नियमित संस्करण शुरू होने के साथ ही पत्रकारिता की इस यात्रा में नए अध्याय का शुभारंभ हुआ है। उन्होंने कहा कि बीकानेर से उनका जन्म से ही लगाव हैं और बीकानेर की अपनायत की अपने आप में एक ख़ास अंदाज हैं। डॉ.इंदौरिया नें कहा कि बीकानेर से संस्करण प्रकाशित होना उनकी दिली इच्छा थी, जो अंततः आयुष अंतिमा के पाठकों की बदौलत पूरी हुई।
बीकानेर संस्करण के उप-संपादक नारायण उपाध्याय ने कहा कि पाठकों की अपेक्षाओं पर खरा उतरना उनकी प्राथमिकता रहेगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि बीकानेर संस्करण निष्पक्ष, तथ्यात्मक और जनहित से जुड़े मुद्दों को सर्वोपरि रखते हुए जिला स्तर की खबरों को सशक्त मंच प्रदान करेगा। उन्होंने उप मुख्यमंत्री सहित सभी गणमान्यजनों का आभार जताया और कहा कि यह भरोसा उन्हें और बुलंद पत्रकारिता करने की प्रेरणा देगा।
शुभारंभ अवसर पर बीकानेर में अतिरिक्त जिला कलेक्टर (प्रशासन) सुरेश कुमार यादव, एडीएम सिटी रमेश देव, मजिस्ट्रेट (शहर) एवं वृताधिकारी पुलिस अनुज डाल, तथा वृत्त निरीक्षक सरिता डाल को आयुष अंतिमा के पहले अंक की प्रतियां भेंट की गईं। इस दौरान पत्रकार सरजीत सिंह, मुकेश रामावत आदि उपस्थित रहे।