सूरजगढ़ (राजेन्द्र शर्मा झेरलीवाला): राष्ट्रीय स्वदेशी महोत्सव चित्तौड़गढ़ के उद्घाटन समारोह में पधारे पतंजलि योगपीठ के आचार्य बालकृष्ण जी ने 17 जनवरी से 23 जनवरी 2026 तक आयोजित होने वाले स्वदेशी मेला सूरजगढ़ (जिला झुंझुनूं) के पोस्टर का विमोचन किया। मेला आयोजन नगर पालिका सूरजगढ़ द्वारा होगा, जिसकी चेयरमैन श्रीमति पुष्पा सेवाराम गुप्ता है। विभाग संयोजक बालकृष्ण शर्मा ने बताया कि आचार्य बालकृष्ण जी ने स्वदेशी मेलों को स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने की दिशा में अत्यंत महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि स्वदेशी मेलों के माध्यम से स्वदेशी उत्पादों के प्रचार के साथ-साथ लघु, कुटीर एवं ग्रामोद्योगों को बाजार उपलब्ध होता है, जिससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर सृजित होते हैं। आचार्य बालकृष्ण जी ने पोस्टर विमोचन कर कहा कि यदि भारत को आर्थिक दृष्टि से सशक्त बनाना है, तो स्वदेशी को अपनाना अनिवार्य है। उन्होंने कृषि आधारित उद्योगों, लघु एवं कुटीर उद्योगों को बढ़ावा देने तथा स्थानीय उत्पादों के माध्यम से स्वरोजगार को प्रोत्साहित करने पर बल दिया। उन्होंने आगामी दिनों में राजस्थान में सूरजगढ़ (झुंझुनूं) एवं श्री खाटू श्याम जी में आयोजित होने वाले स्वदेशी मेलों के लिए आयोजकों को अपना आशीर्वाद एवं शुभकामनाएं प्रदान कीं। इस अवसर पर कार्यक्रम में सांसद सीपी जोशी, सहकारिता मंत्री गौतम दक, स्वदेशी स्वावलंबी भारत अभियान के प्रांत समन्वयक लोकेंद्र सिंह, भाजपा प्रवासी प्रकोष्ठ राजस्थान श्री कुमार लखोटिया, चितौड़ विभाग संयोजक प्रहलाद शर्मा उपस्थित थे ।
पतंजलि योगपीठ के आचार्य बालकृष्ण जी ने किया स्वदेशी मेला सूरजगढ़ (झुंझुनूं) के पोस्टर का विमोचन
By -
December 24, 2025
0
Tags: