रुद्रपुर (उत्तराखंड)। रुद्रपुर, उत्तराखंड में सम्पन्न हुई ट्रैक नेशनल चैंपियनशिप में टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए लगातार तीसरी बार ओवरऑल चैंपियनशिप अपने नाम कर नया इतिहास रच दिया। प्रतियोगिता में टीम ने कुल छह स्वर्ण पदक, चार रजत पदक और दो कांस्य पदक जीतकर अपनी श्रेष्ठता साबित की।
इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर चयन समिति की चेयरमैन सारिका चौधरी ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए इसे उनकी कड़ी मेहनत, अनुशासन और समर्पण का परिणाम बताया। उन्होंने सभी खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। अंतरराष्ट्रीय कोच दयालाराम जाट, चयन समिति सदस्य राजेंद्र कुमार शर्मा और गजेंद्र चौधरी ने भी टीम के उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना करते हुए शुभकामनाएं दीं।
सारिका चौधरी ने बताया कि इस सफलता के पीछे टीम कोच श्रवण डुडी, राकेश कुमार जाखड़, सुंदरलाल विशनोई, सावराराम चीघा तथा टीम मैनेजर तरूणा विशनोई की अथक मेहनत और सटीक रणनीति का बड़ा योगदान रहा है।
टीम की इस उपलब्धि पर वेदप्रकाश विशनोई, सीनियर खिलाड़ी राकेश जाखड़, जीताराम, रामकरण गाट, रामधन चौधरी, सुरेश विशनोई (महाराणा प्रताप अवार्डी), ओमप्रकाश गाट, खेमचंद गहलोत और शिवरतन गाट सहित खेल जगत से जुड़े अनेक गणमान्य व्यक्तियों ने टीम को बधाई दी और भविष्य में भी ऐसे ही शानदार प्रदर्शन की कामना की।