बीकानेर। जिले के महाजन क्षेत्र में सेना के जवानों पर एक किसान के साथ मारपीट करने के गंभीर आरोप सामने आए हैं। पीड़ित किसान का खेत सेना की फायरिंग रेंज के समीप स्थित बताया जा रहा है। आरोप है कि रात के समय खेत के पास से गुजरते वक्त जवानों ने किसान को संदिग्ध मानते हुए उसके साथ मारपीट की।
पीड़ित किसान ने शुक्रवार सुबह इस घटना की सूचना महाजन पुलिस को दी और थाने में परिवाद भी सौंपा। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर प्रारंभिक जांच की। किसान का आरोप है कि परिवाद में उसने जवानों के खिलाफ कई गंभीर तथ्य और आरोप दर्ज कराए हैं।
मारपीट की घटना के बाद किसान को बीकानेर भेजा गया, जहां उसका मेडिकल मुआयना करवाया गया है। वहीं, मामले को लेकर पुलिस के बयानों में विरोधाभास भी सामने आया है।
महाजन थानाधिकारी भजनलाल ने किसी भी प्रकार का परिवाद मिलने से इनकार किया है। जबकि अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) बनवारीलाल मीणा ने परिवाद प्राप्त होने की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले की जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामले ने तूल पकड़ लिया है और जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।