निवाई (लालचंद सैनी): क्षेत्र में कुकुरमुत्ते की तरह पनप रहे भू माफियाओं के खिलाफ एफआरआई नहीं दर्ज करवाने के कारण भूमाफियाओं के हौसले बुलंद होते जा रहे हैं। कई भूमाफिया तो सोशल मीडिया पर यहां तक लिख रहे हैं कि इस तरह की कार्रवाई से हमारा कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता है। ऐसी कई कार्यवाही तो हमने पहले भी देखी है, हमारे ठाठ तो ऐसे ही चलते रहेंगे, जलने वाले जलते रहेंगे लेकिन प्रशासन द्वारा इनके खिलाफ आज तक कोई कठोर कार्यवाही नहीं की गई। इससे प्रशासन व राजनेता संदेह के घेरे में नजर आ रहे हैं। प्रशासन द्वारा कार्यवाही को मीडिया के समक्ष सार्वजनिक भी नहीं किया जा रहा है, जिससे क्षेत्र के लोगों में कई तरह की चर्चा बनी हुई है। कई कॉलोनियो में तो खातेदारों को नोटिस मिल रहे हैं जबकि उन्होंने तो अपनी भूमि विक्रय की है। कॉलोनी काटने का काम तो भूमाफिया कर रहे हैं, भू माफियाओं द्वारा खातेदारों से फुल एग्रीमेंट करवा लिया जाता है, उस एग्रीमेंट के जरिए एग्रीमेंट कर प्लॉट बेचे जाते हैं, किसी प्लाॅट के मालिक को रजिस्ट्री की आवश्यकता होती है तो खाताधारक से सीधी रजिस्ट्री करवा दी जाती है, इस तरह से भूमाफिया अपना बचाव निकाल रहे हैं, इससे सरकार के राजस्व का भी भारी नुकसान हो रहा है। इसके बाद भी प्रशासन द्वारा भूमाफियाओं के खिलाफ एफआरआई नहीं दर्ज करवाई जा रही है। नगर पालिका प्रशासन ने मंगलवार को भी अवैध कॉलोनियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। निवाई बाइपास हाइवे पर स्थित कृष्णा कॉलोनी और जगन्नाथपुरी कॉलोनी व कचरा पात्र के पास में बिना (90ए) भू-रूपांतरण के अवैध तरीके से सारे नियमों को ताक में रखकर बसाई जा रही अवैध कॉलोनियों में नगर पालिका के पीले पंजे से सड़कों और बिजली के पोल व कच्चे पक्के निर्माण को जेसीबी से ध्वस्त किया गया। इस अवसर पर विरोध के दौरान गाली गलौच और हाथापाई करने पर एक आरोपी को सफाई कर्मियों ने फुटबाॅल बना दिया, मौका मिलते ही कार्यवाही का विरोध करने वाला मौके से फरार हो गया। यह कार्रवाई अधिशासी अधिकारी मनोहर लाल जाट के नेतृत्व में की गई। गठित टीम ने अवैध रूप से काटी जा रही कॉलोनियों पर कार्रवाई की। अधिशाषी अधिकारी मनोहर लाल जाट के निर्देशन में राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित जगन्नाथपुरी कॉलोनी व श्री कृष्णा विहार व नगर पालिका के कचरा संग्रह केन्द्र में चार जेसीबी मशीनों की सहायता से बनाई गई सडक़ों को ध्वस्त किया गया। अवैध कॉलोनियों में बनी चार दीवारी, छप्पर व खम्बों को ध्वस्त किया व सडकों को खुर्द-बुर्द किया गया, जिससे कॉलोनाईजर व अवैध रूप से कृषि भूमि पर बिना भू रूपांतरण करवाए व सरकारी जमीनों पर कब्जा कर कॉलोनियां काट रहे भू माफियाओं में हडकंप मच गया है। पालिका अधिशाषी अधिकारी मनोहर लाल जाट ने बताया कि अवैध काॅलोनिया काटने वाले कॉलोनाईजर्स को नोटिस जारी किए गए हैं। क्षेत्र में मुख्य सडक़ मार्गों पर कृषि भूमि, खातेदारी जमीन पर कॉलोनाइजर्स अवैध कॉलोनियां काट रहे हैं, जिससे राजस्व विभाग को बड़ा नुकसान उठाना पड़ रहा है। कॉलोनाइजर्स बिना राजस्व विभाग की अनुमति के बिना राजस्व शुल्क जमा करवाए अवैध रूप से कृषि भूमि व खातेदारी जमीन पर मिट्टी एवं मोहर्रम डालकर सडक़ों का निर्माण कर रहे हैं। वहीं बिना अनुमति के विद्युत पोल एवं गड्डू गाढ़ रहे हैं। इस अवसर पर सहायक अभियंता चन्द्रप्रकाश मीणा, राजस्व अधिकारी मनिष गौर, कनिष्ट अभियंता चन्द्रप्रकाश जाट, कनिष्ट अभियंता राजप्रताप सिंह राणावत, कनिष्ट अभियंता पप्पूलाल मीणा, कनिष्ट सहायक रोडूमल सैनी, बाबूलाल पण्डा, फायर मैन बुद्धिप्रकाश शर्मा, दिलखुश गुर्जर, धौलुराम मीणा, विनोद चांवरिया व रामबाबू संगत सहित बड़ी संख्या में अधिकारी व कर्मचारी मौजूद थे।
*इनका कहना है*
अवैध कॉलोनीयों में कार्यवाही के लिये विरोध तो होता ही है, कर्मचारियों के साथ दुर्व्यवहार करने वाले की पहचान नहीं हो पाई है। खातेदार और प्लाॅट खरीदने वाला तो नहीं था। किसी साजिश से इंकार नहीं किया जा सकता।
*मनीष गौड-राजस्व अधिकारी, नगर पालिका निवाई*
नगर पालिका क्षेत्र में कृषि भूमि पर बिना भू- रूपानांतरण, नियम विरुद्ध कॉलोनिया काटने वालों को नोटिस दिए गए है। सरकारी चरागाह और सिवाय चक भूमियो को चिन्हित कर रहे है। कार्यवाही लगातार जारी रहेगी।
*मनोहर लाल चौधरी*
*ईओं नगर पालिका निवाई*