अलवर: एडीजी (कानून-व्यवस्था) विशाल बंसल एक दिवसीय दौरे पर अलवर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने अलवर पुलिस लाइन में परेड का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान एसएचओ परेड, हथियारों का प्रदर्शन, क्राइम सीन क्रिएशन के माध्यम से तफ्तीश की प्रक्रिया तथा एफएसएल टीम द्वारा की जाने वाली जांच का लाइव प्रदर्शन किया गया। परेड निरीक्षण के बाद एडीजी विशाल बंसल ने जिले के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में जिले की कानून-व्यवस्था, पुलिसिंग से जुड़ी समस्याओं, उनके समाधान और संसाधनों की उपलब्धता को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। मीडिया से बातचीत में एडीजी विशाल बंसल ने बताया कि यह अलवर जिले का वार्षिक निरीक्षण है। उन्होंने कहा कि एसपी सुधीर चौधरी के नेतृत्व में अलवर पुलिस द्वारा की गई सख़्त और निरंतर कार्रवाई से जिले में साइबर अपराध और गोकशी की घटनाओं में उल्लेखनीय कमी आई है। एडीजी ने बताया कि अपराधियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई से युवाओं के अपराध की ओर जाने पर भी प्रभावी रोक लगी है। उन्होंने अलवर पुलिस के प्रयासों की सराहना करते हुए जिले में बेहतर कानून-व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए।
3/related/default