बीकानेर। अजमेर में सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता (नगर खंड) विपिन जिंदल के साथ अधिवक्ताओं द्वारा किए गए अभद्र व्यवहार एवं मारपीट की घटना को लेकर बीकानेर में अभियंताओं और संवेदकों में तीव्र आक्रोश व्याप्त है। घटना के विरोध में शनिवार को सार्वजनिक निर्माण विभाग के समस्त कर्मचारियों ने एक दिवसीय कार्य बहिष्कार कर विरोध दर्ज कराया।
इस अवसर पर सार्वजनिक निर्माण विभाग परिसर में बीकानेर के विभिन्न विभागों के अभियंता एवं ठेकेदारों की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक में 19 दिसंबर को अजमेर में हुई घटना की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए इसे अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण बताया गया। वक्ताओं ने कहा कि सरकारी अधिकारियों के साथ इस प्रकार का व्यवहार न केवल निंदनीय है, बल्कि इससे प्रशासनिक व्यवस्था और विकास कार्यों पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है।
अभियंताओं ने जिला कलक्टर के माध्यम से मुख्यमंत्री कार्यालय को ज्ञापन प्रेषित कर घटना के दोषी अधिवक्ता के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग की। साथ ही बार काउंसिल से उनका लाइसेंस रद्द करने, दोषियों पर कठोर कानूनी कार्रवाई करने तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सरकारी अधिकारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग उठाई गई।