बीकानेर। सरदार पटेल मेडिकल कॉलेज, बीकानेर के 37वें बैच (1995 प्रवेश, 2000 ग्रेजुएशन) की 25वीं वर्षगांठ के अवसर पर 25 दिसंबर को भव्य बैच मीट आयोजित किया जाएगा। इसे लेकर आयोजित प्रेस वार्ता में आयोजन समिति के सदस्यों ने कार्यक्रम की संक्षिप्त रूपरेखा और तैयारियों की जानकारी दी।
बैच मीट में देश-विदेश से कुल 84 डॉक्टर शामिल होंगे, जिनमें अमेरिका और कनाडा सहित विभिन्न देशों में सेवाएं दे रहे पूर्व छात्र भी बीकानेर पहुंच रहे हैं। इस बैच के सदस्यों ने चिकित्सा क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। सरकारी क्षेत्र में भारत का पहला हार्ट ट्रांसप्लांट करने वाले डॉ. नरेंद्र झाझरिया, राजस्थान में कार्डियक सर्जरी की शुरुआत करने वाले डॉ. संजय गांधी, रोबोटिक यूरोलॉजी सर्जरी में उत्कृष्ट कार्य करने वाले डॉ. ईश्वर घायल तथा विदेशों में कार्डियक सर्जरी के क्षेत्र में पहचान बना चुके डॉ. रामनिवास जैसे नाम इस बैच की पहचान हैं।
प्रेस वार्ता में एस.पी. मेडिकल कॉलेज की अतिरिक्त प्राचार्य डॉ. रेखा आचार्य सहित डॉ. मोहित बंसल, डॉ. सुशील फलोदिया, डॉ. स्वाति कोचर, डॉ. सुरेंद्र बेनीवाल, डॉ. आत्माराम और डॉ. जगदीश कूकना मौजूद रहे। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम को यादगार बनाने के लिए सभी व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं। समारोह की अध्यक्षता एसपी मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य एवं नियंत्रक डॉ. सुरेंद्र कुमार वर्मा करेंगे, जबकि मुख्य अतिथि आरपीएससी सदस्य डॉ. अशोक कलवार होंगे। विशिष्ट अतिथि के रूप में पूर्व प्रधानाचार्य एवं वरिष्ठ सर्जरी विशेषज्ञ डॉ. एस.सी. लोढ़ा भी शामिल होंगे। इस अवसर पर बैच स्मारिका का विमोचन किया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ चिकित्सकों डॉ. अजीज अहमद सुलेमानी, डॉ. धनपत कोचर, डॉ. एम.एम. बागरी, डॉ. एच.एस. कस्वां और डॉ. के.सी. माथुर को लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड से सम्मानित किया जाएगा। यह आयोजन पुराने साथियों को एक मंच पर जोड़ने के साथ-साथ युवा डॉक्टरों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगा और कॉलेज की गौरवशाली परंपरा को और मजबूत करेगा।