नोखा(पुखराज शर्मा) । नोखा स्थित मांगीलाल बागड़ी राजकीय महाविद्यालय में कंप्यूटर विज्ञान विषय के सहायक आचार्य की पुनः नियुक्ति की मांग को लेकर विद्यार्थियों ने मंगलवार को प्राचार्य के माध्यम से कॉलेज शिक्षा विभाग, जयपुर के आयुक्त को ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में विद्यार्थियों ने बताया कि महाविद्यालय में कला, वाणिज्य एवं विज्ञान संकाय में कंप्यूटर विज्ञान विषय संचालित है, जिसमें करीब 500 विद्यार्थी अध्ययनरत हैं। पिछले सत्र से कंप्यूटर विज्ञान के व्याख्याता को आयुक्तालय में कार्यव्यवस्थार्थ लगाए जाने के कारण कॉलेज में सैद्धांतिक व प्रायोगिक कक्षाएं नियमित रूप से नहीं हो पा रही हैं।
विद्यार्थियों का कहना है कि बीकानेर संभाग में कंप्यूटर विषय के सर्वाधिक विद्यार्थी केवल नोखा महाविद्यालय में ही अध्ययन कर रहे हैं। व्याख्याता के अभाव में ग्रामीण पृष्ठभूमि के छात्रों को निजी कोचिंग संस्थानों का सहारा लेना पड़ रहा है। विश्वविद्यालय परीक्षाओं के फॉर्म भरवाए जा चुके हैं और परीक्षाएं निकट हैं, जबकि पाठ्यक्रम का बड़ा हिस्सा अधूरा है, जिससे विद्यार्थियों के अनुत्तीर्ण होने का खतरा बना हुआ है।
ज्ञापन में चेतावनी दी गई कि यदि 15 दिनों के भीतर व्याख्याता को उनके मूल पदस्थापन पर वापस नहीं भेजा गया, तो स्थानीय जनप्रतिनिधियों के सहयोग से आंदोलन किया जाएगा। आवश्यकता पड़ने पर महाविद्यालय में तालाबंदी जैसे कदम उठाने की भी चेतावनी दी गई है।
ज्ञापन की प्रतिलिपि क्षेत्रीय कार्यालय, बीकानेर को भी प्रेषित की गई। इस अवसर पर देवीसिंह राजपुरोहित के नेतृत्व में विद्यार्थी, आरटीआई कार्यकर्ता, सामाजिक कार्यकर्ता तथा विभिन्न छात्र संगठनों के पदाधिकारी उपस्थित रहे। छात्र नेताओं ने कहा कि छात्रहित सर्वोपरि है और विभाग को शीघ्र समाधान करना चाहिए।
ज्ञापन देने वालों में निधि पारिक, अशोक, पारची शर्मा, माया, रविंद्र, प्रदीप, गणेश, सोनू, आयुषी, खुशबू, सवाई पंचारिया, अनुराधा, उषा, निशा शर्मा, अनुसुइया, रिया, विमला, सुमन, विजय लक्ष्मी सहित अनेक विद्यार्थी शामिल रहे।