बीकानेर। खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री सुमित गोदारा मंगलवार को लूणकरणसर विधानसभा क्षेत्र के दौरे पर रहे, जहां उन्होंने करोड़ों रुपए के दर्जनों विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में प्रदेश ने दो वर्षों में विकास के नए कीर्तिमान स्थापित किए हैं और पहली बार गांव-ढाणी तक आधारभूत सुविधाओं का विस्तार तेज गति से हो रहा है।
दौरे की शुरुआत खोडाला से हुई, जहां उन्होंने खोडाला से पुरबाणा तक 3 करोड़ 15 लाख रुपए की लागत से बनी 9 किलोमीटर लंबी सड़क का लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि यह सड़क आमजन के लिए समय, ऊर्जा और धन की बचत करते हुए बेहतर आवागमन सुनिश्चित करेगी। मंत्री ने सभी प्रगतिरत कार्यों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण पूरा करने के निर्देश दिए। इसके बाद सुंई में उन्होंने सांसी समाज की छतरी के जीर्णोद्धार, नायक एवं मेघवाल समाज के सामुदायिक भवनों, तथा वार्ड एक के सामुदायिक भवन, चारदिवारी और इंटरलॉक कार्यों का लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार गांवों के विकास में कोई कसर नहीं छोड़ रही है और केंद्र, राज्य तथा विधायक निधि से लगातार जन उपयोगी कार्य हो रहे हैं।
बखूसर में उन्होंने राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में 5 लाख की लागत से बने कक्ष और 10 लाख की लागत से तैयार टीन शेड का लोकार्पण किया। इसके साथ ही 10 लाख की लागत से बने ट्यूबवेल, श्मशान भूमि की चारदिवारी एवं 55 लाख की लागत से बनने वाले उप स्वास्थ्य केंद्र का शिलान्यास किया। उन्होंने कहा कि ‘विकसित लूणकरणसर–शिक्षित लूणकरणसर’ के संकल्प को साकार करने में कोई कमी नहीं रहेगी। शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल और विद्युत तंत्र में निरंतर सुधार हो रहा है और सरकार अंत्योदय की भावना से अंतिम व्यक्ति तक राहत पहुंचा रही है।
दुलचासर में मंत्री गोदारा ने 5 लाख रुपए की लागत से बने सामुदायिक भवन तथा 19.64 लाख रुपए की लागत वाले ट्यूबवेल का लोकार्पण किया और कहा कि इससे ग्रामीणों की पेयजल समस्या दूर होगी। उन्होंने बताया कि विधानसभा क्षेत्र को दो वर्षों में 20 नए जीएसएस मिले हैं, जिससे क्षेत्र विद्युत आपूर्ति के मामले में सशक्त बनकर निर्बाध और गुणवत्तापूर्ण बिजली प्राप्त करेगा।
कार्यक्रमों के दौरान लूणकरणसर प्रधान कानाराम गोदारा, उपखंड अधिकारी दयानंद रूयल, विकास अधिकारी किशोर कुमार, सहायक अभियंता राजेंद्र लेघा, नायब तहसीलदार सुंदरलाल, उप प्रधान कैलाश सारस्वत, जिला परिषद सदस्य राजूदास, पंचायत समिति सदस्य राहुल पारीक सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।