बीकानेर। कोलायत क्षेत्र के गोविंदसर गांव में शुक्रवार को राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में कक्षा-कक्षों की गंभीर कमी को लेकर छात्रों और ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। हालात इतने बिगड़ गए कि विद्यार्थियों ने स्कूल के मुख्य द्वार पर ताला जड़कर विरोध दर्ज कराया।
ग्रामीणों का कहना है कि उच्च माध्यमिक स्तर का शिक्षण होने के बावजूद स्कूल में अपर प्राइमरी स्तर जितने भी कमरे उपलब्ध नहीं हैं। ग्रामीण बताते हैं कि विभाग को कई बार लिखित रूप में अवगत करवाने के बावजूद समस्या जस की तस बनी हुई है। युवा खेतपाल गोविंदसर ने कहा कि सर्दी में बच्चों को खुले में बैठाना मजबूरी बन चुका है। किसी अनहोनी के बाद विभाग जागे, उससे पहले ही समाधान होना चाहिए।विद्यालय में वर्तमान में 482 विद्यार्थी अध्ययनरत हैं। कक्षाओं की कमी के कारण सर्द मौसम में छात्रों को खुले में बैठकर पढ़ना पड़ रहा है, जिससे बच्चों के बीमार पड़ने की आशंका बढ़ गई है। ग्रामीणों ने कहा कि कोलायत क्षेत्र के अन्य स्कूलों में कक्षा-कक्ष स्वीकृत हो चुके हैं, लेकिन गोविंदसर विद्यालय को अब तक इस सुविधा से वंचित रखा गया है। लोगों का कहना है कि “बच्चों को ठंड में बाहर बैठाने से अच्छा है कि विद्यालय पर ताला लगा दिया जाए, ताकि सरकार व विभाग समस्या की गंभीरता समझें।”ग्रामीणों ने जल्द से जल्द कक्षा-कक्ष स्वीकृत कर निर्माण कार्य शुरू करने की मांग की है।