बीकानेर। पुलिस ट्रेनिंग स्कूल (पीटीएस) बीकानेर में बुधवार को दो जिलों के नव नियुक्त कांस्टेबलों की दीक्षांत परेड का भव्य आयोजन किया गया। परेड के मुख्य अतिथि पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) हेमंत शर्मा रहे, जिन्होंने परेड का निरीक्षण कर जवानों की सलामी स्वीकार की। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण के बाद पुलिस बल में शामिल हो रहे ये जवान कानून-व्यवस्था को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
दीक्षांत परेड में कुल 140 कांस्टेबल शामिल हुए। बैंड की मधुर धुनों के बीच जवानों ने बेहतरीन तालमेल के साथ कदमताल कर अनुशासन, दक्षता और प्रतिबद्धता का परिचय दिया। परेड के दौरान प्रशिक्षण अवधि में सिखाए गए शारीरिक प्रशिक्षण, हथियार संचालन, ड्रिल, कानूनी ज्ञान तथा आपदा प्रबंधन जैसे कौशलों का प्रभावशाली प्रदर्शन किया गया, जिसे अधिकारियों ने सराहा।
मुख्य अतिथि आईजी हेमंत शर्मा ने प्रशिक्षण के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कांस्टेबलों को सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि पुलिस सेवा जनता की सुरक्षा और विश्वास पर आधारित है, इसलिए प्रत्येक जवान का कर्तव्य है कि वह ईमानदारी और संवेदनशीलता के साथ अपना दायित्व निभाए।
समारोह में पुलिस अधीक्षक कावेंद्र सिंह सागर, एएसपी सिटी सौरभ तिवाड़ी, पीटीएस कमांडेंट दीपचंद सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।