जयपुर (श्रीराम इंदौरिया): स्वामी केशवानंद इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी, मैनेजमेंट एंड ग्रामोत्थान (एसकेआईटी) के इलेक्ट्रॉनिक्स एवं कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग विभाग द्वारा एसकेआईटी एलुमनाई एसोसिएशन के सहयोग से शनिवार को विदेश में उच्च शिक्षा विषय पर एक ज्ञानवर्धक ऑनलाइन सत्र का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम के मुख्य वक्ता संस्थान के पूर्व छात्र पार्थ भंडारी रहे, जो वर्तमान में अमेरिका के साल्ट लेक सिटी में विज्ञान में स्नातकोत्तर अध्ययन कर रहे हैं। यह सत्र 13 दिसंबर 2025 को ऑनलाइन माध्यम से आयोजित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत में डॉ.स्वाति अरोड़ा ने अतिथि का स्वागत किया तथा विभागाध्यक्ष प्रो.प्रवीण कुमार जैन ने पार्थ भंडारी को सम्मानित किया।सत्र के दौरान पार्थ भंडारी ने विशेष रूप से तैयार की गई प्रस्तुति के माध्यम से विदेश में स्नातकोत्तर अध्ययन की पूरी प्रक्रिया को विस्तारपूर्वक समझाया। उन्होंने प्रवेश परीक्षाओं की तैयारी, तैयारी के लिए आवश्यक समय, आवेदन प्रक्रिया, विश्वविद्यालयों के चयन, आर्थिक व्यय, छात्रवृत्ति की संभावनाओं तथा अध्ययन के पश्चात करियर निर्माण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने अपने व्यक्तिगत अनुभव साझा करते हुए बताया कि किस प्रकार सही योजना, निरंतर परिश्रम और आत्मविश्वास के माध्यम से विदेश में उच्च शिक्षा के अवसर प्राप्त किए जा सकते हैं। कार्यक्रम के अंत में एलुमनाई एसोसिएशन के प्रमुख डॉ.रोहित मुखर्जी ने वक्ता को धन्यवाद ज्ञापित करते हुए उनके मार्गदर्शन, समय एवं अनुभव साझा करने के लिए आभार व्यक्त किया। इसी के साथ यह ज्ञानवर्धक सत्र सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
एसकेआईटी में विदेश में उच्च शिक्षा विषय पर एक ज्ञानवर्धक ऑनलाइन सत्र का किया गया आयोजन
By -
December 16, 2025
0
Tags: