बीकानेर। कोतवाली थाना पुलिस ने बड़ी चोरी की वारदात का खुलासा करते हुए दो शातिर नकबजनों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी किया गया माल बरामद किया है।
थानाधिकारी सविता डाल ने बताया कि जून माह में कोचरों के चौक क्षेत्र में सिद्धार्थ कोचर के मकान का ताला तोड़कर की गई चोरी के मामले में कार्रवाई करते हुए नोखा निवासी सुरेश सिंह और गोपेश्वर बस्ती निवासी मदन मोहन टाक को पकड़ा गया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों के पास से बड़ी मात्रा में चांदी व अन्य कीमती सामान बरामद किया गया है। इनमें चांदी के सिक्के, चांदी के गिलास, कटोरियां, प्लेट, पायजेब, बिछुड़ी, कमरबंद, लोटा, प्याले, चम्मच, सिंदूर दानी सहित गणेश-लक्ष्मी की धातु की तस्वीर, मूर्तियां, घंटी, छत्तर, नारियल व अन्य धार्मिक सामग्री शामिल है। थानाधिकारी ने बताया कि पकड़े गए दोनों आरोपियों के खिलाफ पूर्व में भी चोरी के करीब 22 मामले दर्ज हैं। फिलहाल उनसे अन्य वारदातों को लेकर गहन पूछताछ की जा रही है।
उल्लेखनीय है कि इस संबंध में सुमित कोचर ने एक जुलाई को कोतवाली थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। रिपोर्ट में बताया गया था कि 24 जून को उनके चाचा व चचेरे भाई सूरत गए हुए थे, इसी दौरान अज्ञात चोरों ने मकान का ताला तोड़कर कीमती सामान चोरी कर लिया था। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से अब इस वारदात का खुलासा हो गया है।