ग्रंथों के संदेशों से सजेगा बीकानेर, 27 से 2 जनवरी तक सात दिवसीय श्रीकृष्ण कथा का आयोजन

AYUSH ANTIMA
By -
0


बीकानेर। ग्रंथों में निहित भगवान श्रीकृष्ण के दिव्य उपदेशों को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से दिव्य ज्योति जाग्रति संस्थान द्वारा 27 दिसंबर से 2 जनवरी तक सात दिवसीय श्रीकृष्ण कथा का आयोजन किया जा रहा है। पूगल रोड स्थित माखन भोग में प्रतिदिन दोपहर 1 से 4 बजे तक होने वाली इस भक्ति गाथा का वाचन साध्वी सुश्री जयंती भारती के श्रीमुख से होगा।
आयोजन की जानकारी देते हुए संस्थान के स्वामी प्रेमप्रकाशानंद महाराज ने बताया कि कथा से एक दिन पूर्व डूडी पेट्रोल पंप के पास स्थित मंदिर से भव्य मंगल कलश यात्रा निकाली जाएगी। इस यात्रा में लगभग 700 महिलाएं पीले वस्त्र धारण कर सिर पर कलश लेकर मंगल गीत गाते हुए शहर के विभिन्न मार्गों से होती हुई कथा स्थल तक पहुंचेंगी। कथा के प्रथम दिन विधिवत पूजन के साथ आयोजन का शुभारंभ होगा।
संस्थान की बहन गोपिका ने बताया कि कथा के दौरान भगवान श्रीकृष्ण की अलौकिक लीलाओं को प्रेरणादायक प्रसंगों एवं सुमधुर भजनों के माध्यम से प्रस्तुत किया जाएगा। कथा क्रम में बुधवार को नरसिंह मेहता प्रसंग, गुरुवार को कृष्ण जन्म प्रसंग, शुक्रवार को द्रौपदी प्रसंग, शनिवार को नामदेव प्रसंग तथा रविवार को समापन अवसर पर रुक्मणि प्रसंग का वाचन किया जाएगा।
संस्थान की गीतिका बहन ने बताया कि दिव्य ज्योति जाग्रति संस्थान द्वारा अंतर्दृष्टि अभियान के अंतर्गत इस प्रकार के आध्यात्मिक आयोजन निरंतर नेत्रहीन एवं दिव्यांगजनों के लिए भी किए जाते रहे हैं।
इस अवसर पर सात दिवसीय श्रीकृष्ण कथा के पोस्टर का विमोचन भी किया गया। कार्यक्रम में स्वामी प्रेमप्रकाशानंद महाराज, गीतिका बहन, कंचन मुक्ता भारती, उद्योगपति सुभाष मित्तल, महेन्द्र पंचारिया एवं राधा पारीक सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!