बीकानेर। खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स 2025 के तहत बुधवार को कबड्डी मुकाबलों के तीसरे दिन जबरदस्त उत्साह और रोमांच देखने को मिला। मीडिया प्रभारी निशा लिम्बा ने बताया कि आज के आयोजनों में शिवबाड़ी मठ से विमर्शानंद महाराज, राजस्थान हाईकोर्ट के एडवोकेट विजय दीक्षित और सुनीता दीक्षित तथा क्रीड़ा भारती से गजेंद्र सिंह राठौड़ मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इसके साथ ही खेल प्रबंधक शमीम अहमद, नाल थाना प्रभारी विकास बिश्नोई सहित कई गणमान्य लोग भी कार्यक्रम में शामिल हुए।
खेल प्रबंधक शमीम अहमद के अनुसार आज कुल चार मुकाबले खेले गए, जिनमें तीन बॉयज़ कैटेगरी तथा एक गर्ल्स कैटेगरी का मैच शामिल रहा।
बॉयज़ मुकाबलों में वि.बी.एस.पी यूनिवर्सिटी, यूपी और गुरु काशी यूनिवर्सिटी के बीच हुए रोमांचक मैच में गुरु काशी यूनिवर्सिटी विजयी रही। वहीं पी.दी.यू. शेखावाटी यूनिवर्सिटी, सीकर और कोटा यूनिवर्सिटी के बीच हुए मुकाबले में कोटा यूनिवर्सिटी ने जीत दर्ज की। तीसरे मैच में लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी ने पंजाब यूनिवर्सिटी, पटियाला को मात दी।
गर्ल्स कैटेगरी के एकमात्र मुकाबले में गुरु काशी यूनिवर्सिटी और चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी आमने-सामने थीं, जिसमें चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत अपने नाम की।
कार्यक्रम में पर्यटन विभाग की ओर से प्रसिद्ध सिंगर नवीन आचार्य ने ऊर्जावान प्रस्तुति दी और खिलाड़ियों व रेफरीज़ के साथ गीत गाकर माहौल को और अधिक जीवंत बना दिया। पुलिस बैंड ने भी भव्य प्रस्तुति देकर दर्शकों का मन मोह लिया। वहीं खेलो इंडिया के शुभंकर ने मंच पर आकर अतिथियों के साथ हाथ मिलाया व डांस कर कार्यक्रम की रौनक बढ़ा दी।
मुख्य अतिथि विमर्शानंद महाराज ने कहा कि ऐसे राष्ट्रीय स्तर के आयोजन बीकानेर के लिए गौरव का विषय हैं। शहरवासियों और खिलाड़ियों को इस अवसर का पूरा आनंद लेना चाहिए ताकि भविष्य में भी बीकानेर को इस प्रकार के बड़े आयोजन लगातार मिलते रहें।