पिलानी (राजेन्द्र शर्मा झेरलीवाला): ग्राम लिखवा स्थित शराब ठेके पर फायरिंग कर रंगदारी मांगने वाले 25-25 हजार रुपए के ईनामी दो मुख्य आरोपी अक्षय पंडित उर्फ माकड़ और सचिन उर्फ कालू को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अधीक्षक बृजेश ज्योति उपाध्याय के निर्देशन और एएसपी देवेंद्र सिंह राजावत तथा वृताधिकारी चिड़ावा विकास धींनधवाल के सुपरविजन में पिलानी थाना, जिले के अन्य थानों और एजीटीएफ की संयुक्त टीमों ने यह बड़ी कार्रवाई की। टीमें करीब 750 किलोमीटर तक आरोपियों का पीछा करती रहीं और 500 से अधिक सीसीटीवी फुटेज, 200 से ज्यादा सीडीआर तथा मानवीय आसूचना के आधार पर उनकी लोकेशन ट्रेस की गई। आरोपी हरियाणा, दिल्ली, फरीदाबाद, गुरुग्राम, हिसार आदि स्थानों पर लगातार ठिकाने बदलते रहे। गुरुवार को बुवानीखेड़ा (हरियाणा) में दबिश देकर मुख्य आरोपी अक्षय पंडित को पकड़ा गया, जिसके खुलासे पर पाथड़िया रोड पहाड़ी क्षेत्र में छिपे सचिन उर्फ कालू को भी गिरफ्तार कर लिया गया। 21 नवंबर की शाम दो बदमाश शराब ठेके पर पहुंचे थे। उन्होंने सेल्समैन को धमकी भरा पत्र थमाया, शराब की बोतलों पर फायरिंग की और बाहर हवाई फायर कर ठेकेदार से हिस्सेदारी व एक लाख रुपए महीना नहीं देने पर जान से मारने की धमकी दी थी। वारदात का उद्देश्य गैंग बनाकर क्षेत्र में आतंक फैलाना और रंगदारी वसूलना था। प्रकरण में पहले ही दो आरोपी हिमांशु निवासी नरहड़ व पंकज उर्फ टोनी निवासी इस्माइलपुर को गिरफ्तार किया जा चुका है। गिरफ्तार आरोपी अक्षय पंडित हरियाणा में भी कई आपराधिक मामलों में वांछित है और महम थाना क्षेत्र में शराब ठेके पर फायरिंग मामले में भी फरार था, जबकि सचिन मेघवाल पर चोरी और नकबजनी के मामले दर्ज हैं। पुलिस दोनों से गहन पूछताछ कर रही है।
3/related/default