चिड़ावा (राजेन्द्र शर्मा झेरलीवाला): पंचायत समिति चिड़ावा की प्रधान इन्द्रा डूडी ने स्वास्थ्य कारणों का हवाला देते हुए अपने पद से त्याग पत्र दे दिया, जिसे जिला प्रमुख हर्षिनी कुल्हरी ने राजस्थान पंचायती राज अधिनियम 1994 की धारा 36 के तहत 21 नवंबर 2025 को स्वीकार कर लिया। दिलचस्प बात यह है कि इन्द्रा डूडी ने 1 अक्टूबर 2025 को दोबारा प्रधान पद का पदभार ग्रहण किया था, जिसके मात्र पाँच दिन बाद 6 अक्टूबर को ही उन्होंने त्याग पत्र लिख दिया। यह समयावधि और अचानक लिया गया निर्णय अब राजनीतिक चर्चा का बड़ा विषय बन गया है।
राजनीतिक गलियारों में अटकलें तेज हैं कि उन्होंने लंबे समय से चल रहे विवादों में खुद को सही साबित करने के लिए पूरी लड़ाई लड़ी और फिर पद छोड़ दिया। बाजार में यह भी चर्चा है कि कहीं न कहीं कोई राजनीतिक समझौता भी हुआ, जिसके बाद उन्होंने पदभार ग्रहण करने के बावजूद इस्तीफा देना उचित समझा। सूत्रों के अनुसार, इन्द्रा डूडी की इच्छा पहले से ही इस पद को छोड़ने की थी और पद पर उनकी वापसी के तुरंत बाद दिया गया त्याग पत्र कई सवाल खड़े कर रहा है। त्याग पत्र की टाइमिंग को लेकर अलग-अलग तरह की व्याख्याएँ और अनुमानों ने चिड़ावा की राजनीतिक हवा को और गर्म कर दिया है।