झुंझुनूं (राजेन्द्र शर्मा झेरलीवाला): जिला निर्वाचन अधिकारी डाॅ.अरूण गर्ग ने गुरुवार को जिला कलक्टर कार्यालय में एसआईआर-2026 के तहत जिले के तीन सर्वश्रेष्ठ बीएलओ को शत-प्रतिशत एसआईआर का कार्य समय से पूर्व संपादित करने पर प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। जिला निर्वाचन अधिकारी ने मंण्डावा विधानसभा क्षेत्र के भाग संख्या 105 के बीएलओ राकेश कुमार मीणा, मंडावा के भाग संख्या 199 के बीएलओ महीपाल मील एवं उदयपुरवाटी विधानसभा क्षेत्र के भाग संख्या 231 के बीएलओ विनोद कुमार बड़सरा को शत- प्रतिशत कार्य करने पर मुख्य निर्वाचन अधिकारी, राजस्थान द्वारा हस्ताक्षरित प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी बीएलओ को उल्लेखनीय कार्य के लिए शाबाशी दी और निरंतर दायित्व निर्वहन के साथ परिवेश के लोगों को एसआईआर-2026 के दौरान आवश्यक रूप से गणना प्रपत्र भरने के लिए प्रेरित करने की बात कही। उन्होंने सभी बीएलओ को प्रभावी रणनीति से गणना प्रपत्रों के डिजीटाइजेशन कार्य करने हेतु प्रेरित किया है।
बीएलओ राकेश कुमार मीणा, महीपाल मील, विनोद कुमार बड़सरा ने कार्य के दौरान अनुभव साझा करते हुए बताया कि उन्होंने उच्च स्तर से प्राप्त आदेशों की पालना के तहत प्रभावी रणनीति बनाकर परिपत्र वितरण एवं संग्रहण का कार्य किया, जिसका परिणाम रहा की वे निर्धारित समय से पूर्व अपना काम कर पाएं। उन्होंने अपने मतदाताओं को भी धन्यवाद दिया की उनकी सक्रियता से यह संभव हो पाया। उन्होंने अन्य साथियों को भी जल्द शत-प्रतिशत कार्य कर ऐसे सम्मान प्राप्त करने की अपील की। इस दौरान अतिरिक्त जिला कलेक्टर अजय कुमार आर्य, उदयपुरवाटी एसडीएम सुमन सोनल, तहसीलदार निर्वाचन मोनिका चौधरी उपस्थित रहे।