झुंझुनूं (राजेन्द्र शर्मा झेरलीवाला): जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ.अरुण गर्ग के निर्देशन में मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के गणना चरण के दौरान गणना प्रपत्रों को डिजीटाइज किया जा रहा है। सोमवार सांय 4 बजे तक जिले में कुल 435557 गणना प्रपत्र डिजीटाइज किए गए। जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ.अरुण गर्ग ने बताया कि जिले झुंझुनू विधानसभा क्षेत्र में 76120, नवलगढ़ में 62034, खेतड़ी में 54012, मंडावा में 65669, पिलानी में 66238, उदयपुरवाटी में 54895 व सूरजगढ़ में 56589 गणना पत्र डिजिटाइज़ किए जा चुके हैं।
*मतदाता स्वयं ऑनलाइन भरें गणना प्रपत्र*
जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ.अरुण गर्ग ने जिले के मतदाताओं से आग्रह किया कि वे ऑनलाइन गणना फॉर्म भरने के विकल्प का अधिकाधिक उपयोग करें। एसआईआर फॉर्म भरने के लिए सबसे पहले चुनाव आयोग की मतदाता सेवा पोर्टल voters.eci.gov.in पर जाएं। यहां Special Intensive Revision (SIR) – 2026 पर क्लिक कर अपने Registered Mobile No./EPIC No से लॉग इन करें और फिर Fill Enumeration Form पर क्लिक करें। अगले पेज पर अपना राज्य सेलेक्ट करें और EPIC नंबर डालकर अपना डिटेल सर्च करें । इसके बाद आपके सामने आपकी वोटर लिस्ट और बीएलओ की जानकारी सामने आ जाएगी। नाम, EPIC नंबर, सीरियल नंबर, पार्ट नंबर, विधानसभा/लोकसभा और राज्य जैसी पहले से भरी जानकारी चेक कर लें। इसके बाद अपना मोबाइल नंबर डालकर ओटीपी पर क्लिक करें। ऑनलाइन गणना फॉर्म भरने के लिए आपका मोबाइल नंबर आपके वोटर कार्ड से लिंक होना जरूरी है। अगर मोबाइल नंबर लिंक नहीं है तो पहले आपको ऑनलाइन फॉर्म 8 भरकर अपना मोबाइल नंबर लिंक करना होगा। इसके बाद अपनी पर्सनल डिटेल वेरीफाई करने के लिए आपके पास 3 ऑप्शन होंगे। पहला ऑप्शन- मेरा नाम पिछले SIR की मतदाता सूची में मौजूद है। दूसरा ऑप्शन- मेरे माता-पिता का नाम (पिता, माता, दादा, दादी) पिछले SIR की मतदाता सूची में मौजूद है। तीसरा ऑप्शन- पिछले SIR की मतदाता सूची में न तो मेरा नाम है और न ही मेरे माता-पिता का नाम है। इनमें से एक ऑप्शन सेलेक्ट करें और खुद को वेरिफाई करे। ऑनलाइन जमा किए गए प्रपत्रों की सूचना संबंधित बीएलओ (BLO) तक स्वतः पहुंच जाती है। डॉ.गर्ग ने बताया कि जो मतदाता ऑनलाइन गणना प्रपत्र भर देते हैं, उन्हें बीएलओ द्वारा दिए जाने वाले प्रपत्रों को भरने की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने कहा कि जिले के अनेक युवा रोजगार या शिक्षा के लिए बाहर रहते हैं, ऐसे लोग भी आसानी से ऑनलाइन गणना प्रपत्र भर सकते हैं।
*मतदाता गणना प्रपत्र भरकर जल्दी बीएलओ को करवाएं जमा*
कलेक्टर ने जिले के सभी मतदाताओं से आग्रह किया है कि जिन्हें गणना प्रपत्र मिल चुके हैं, वे उन्हें शीघ्र भरकर बीएलओ को जमा करवाएं। मतदाता https://voters.eci.gov.in पोर्टल पर जाकर अपना और अपने परिवार के सदस्यों का नाम पिछली एसआईआर मतदाता सूची में देखकर आवश्यक जानकारी प्रदान कर सकते हैं।