बीकानेर शहर-देहात कांग्रेस नेताओं में अध्यक्ष पद की जोर अजमाइश

AYUSH ANTIMA
By -
0


बीकानेर (हेम शर्मा): बीकानेर संभाग मुख्यालय के कांग्रेस नेताओं में शहर और देहात जिलाध्यक्ष की केन्द्रीय पर्यवेक्षक के आते ही जोर अजमाइश शुरू हो गई है। इसमें पार्टी संगठन से जुड़े पदाधिकारियों के अलावा दो पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ.बीडी कल्ला और गोविन्द मेघवाल, लोकसभा चुनाव के उम्मीदवार रहे मदन गोपाल मेघवाल, जिला प्रमुख मोडा राम मेघवाल, केश कला बोर्ड के महेन्द्र गहलोत, पूर्व महापौर एवं न्यास अध्यक्ष मकसूद अहमद, गजेन्द्र सिंह सांखला, वर्तमान शहर अध्यक्ष यशपाल गहलोत, उपाध्यक्ष अरविन्द मिढ्ढा, देहात अध्यक्ष बिशना राम सियाग समेत करीब 30 नेताओं ने खुद या चेहतों को कांग्रेस के सृजन अभियान में जिलाध्यक्ष बनाने की मंशा जाहिर की है। इन सबके पीछे अपनी अपनी राजनीतिक ताकत है। पार्टी में बड़े नेताओं का समर्थन, जातीय समीकरण और संगठन में भूमिका से दावेदारी पुख्ता है। इसी आधार पर सब जोर अजमाइश में लगे हुए हैं। 
कांग्रेस में राजनीति पीढ़ी दर पीढ़ी से आगे बढ़ती है। बीकानेर में लम्बे अर्से से बीकानेर की राजनीति डॉ.बीडी कल्ला के इर्द-गिर्द घूम रही है। किसी भी पद के लिए कल्ला की अनुशंसा मायने रखती है। अनिल कल्ला को अध्यक्ष बनाने की उनकी पहले से ही दावेदारी रही है। यशपाल गहलोत को खुद अशोक गहलोत का संरक्षण है, मकसूद मुस्लिम नेता है, वे न्यास अध्यक्ष और महापौर रहे हैं। उनकी पैठ और संगठन में भूमिका अच्छी रही है। अरविन्द मिढ्ढा 33 वर्षों से राजनीति में सक्रिय है, पार्टी में विभिन्न पदों पर है, सर्व समाज में उनकी पैठ है। पंजाबी, मोदी, खत्री और सिंधी मतदाताओं पर उनकी पकड़ है। गजेन्द्र सिंह सांखला अपनी सक्रियता के कारण प्रदेश स्तर पर पहचाने जाते है। पार्टी में उनकी अहमियत है। सचिन पायलट और गोविन्द डोटासरा के नजदीकी है। मदन गोपाल मेघवाल सेवानिवृत आईपीएस और लोकसभा से उम्मीदवार के कारण पार्टी में पहचाने जाते है। इनके अलावा शर्मिला पंचारिया, हारूण राठौड़, अरूण व्यास, नितिन वत्सस, आनन्द सिंह सोढ़ा, आजम अली, अब्दुल मजिद खोखर, इकबाल मालवण, रवि पुरोहित, राहुल जादूसंगत पार्टी में सक्रियता के बलबूते मैदान में है। देहात में वर्तमान अध्यक्ष बिशना राम सियाग ने विपक्ष में रहते हुए भी संगठन की गतिविधियों से पार्टी में अच्छी पकड़ बनाई है। कांग्रेस के राष्ट्रीय और प्रदेश स्तर के हर आव्हान पर धरना, प्रदर्शन और आन्दोलन किए है। यही नहीं जनहित के मुद्दों पर एक कदम आगे बढ़कर काम किया है। जनसमस्याओं पर लगातार बोलते रहे हैं। बीकानेर की जनता की भावनाओं से जुड़े गोचर के मुद्दे पर भी सियाग ने सक्रियता दिखाई, वे उभरते जाट नेता है। ग्रामीण इलाका जाट राजनीति का गढ़ है। महेन्द्र गहलोत भी देहात की राजनीति में वर्षौं से सक्रिय हैं। गांव-गांव, ढाणी-ढाणी में इनकी पैठ है। राज्य मंत्री का दर्जा होने से प्रदेश की राजनीति में भी इनकी अहमियत है। गोविन्द मेघवाल भाजपा से कांग्रेस में आए हैं, वे कांग्रेस सरकार में कैबिनेट मंत्री भी रहे हैं। गोविन्द मेघवाल कांग्रेस में राजस्थान की राजनीति में एक पहचान रखते हैं। लक्ष्मण कड़वासरा भी देहात अध्यक्ष और भूदान बोर्ड के चैयरमैन रहे हैं। मोडा राम मेघवाल जिला प्रमुख है और श्रीकोलायत में मेघवाल वोटों पर पकड़ है। शिव लाल गोदारा, राम निवास कूकणा, डॉ.प्रीति मेघवाल, प्रहलाद सिंह मार्शल देहात में अध्यक्ष पद के पार्टी में युवा दावेदार हैं। सृजन अभियान में पहले तो पर्यवेक्षण के स्तर पर पैनल बनेगा, वो पैनल प्रदेश कांग्रेस कमेटी को भेजा जाएगा। वहां अनुमोदन के साथ अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के पास अंतिम निर्णय के लिए भेजा जाएगा, इसके बीच की राजनीति ही निर्णायक होगी। जिसमें भाई भतीजावाद, राजनीति में अपने चहेते, आकाओं की अनुकंपा का खेल चलेगा। अभी तो पारी की शुरूवात है, निर्णायक मैच तक कई रूप देखने को मिलेंगे, देखते जाइए।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!