झुंझुनूं (राजेन्द्र शर्मा झेरलीवाला): सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग, झुंझुनूं द्वारा 1 अक्टूबर 2025 को 'अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस' के उपलक्ष्य में एक सप्ताहव्यापी कल्याण सप्ताह का शुभारंभ किया गया। यह कल्याण सप्ताह 1 अक्टूबर से 07 अक्टूबर 2025 तक भार्गव पेंशनर समाज भवन में चलेगा। कार्यक्रम का आरंभ मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलित करके किया गया। इसके बाद अतिथियों को माला पहनाकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन पेंशनर समाज के जिला महामंत्री चंद्रप्रकाश धुपिया ने किया। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के उप निदेशक पवन पूनिया ने उपस्थित अतिथियों और वृद्धजनों का स्वागत करते हुए कल्याण सप्ताह और विभाग की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। समारोह के मुख्य अतिथि डॉ.अरुण गर्ग, जिला कलेक्टर ने अपने संबोधन में कहा कि युवा पीढ़ी को संस्कारवान बनाने के लिए वरिष्ठ नागरिकों की आवश्यकता है। उन्होंने बल दिया कि वरिष्ठजन अपने ज्ञान और अनुभव का लाभ समाज को देकर उसे सही स्वरूप प्रदान कर सकते हैं। इस अवसर पर, 15 वरिष्ठजनों को प्रशस्ति पत्र और शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। इस आयोजन में मुख्य अतिथि डॉ.अरुण गर्ग (जिला कलेक्टर) के अलावा, छोटेलाल गुर्जर (मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी), सतीश कुमार कोषाधिकारी, अभिषेक चोपदार (जिला उद्योग अधिकारी), नेमीचंद पूनिया (अध्यक्ष, पेंशनर समाज), चंद्रप्रकाश धुपिया (महामंत्री, पेंशनर समाज) और कई वृद्धजन नागरिक मौजूद रहे।
कार्यक्रम के समापन पर जिला पेंशनर समाज के अध्यक्ष नेमीचंद पूनिया ने बड़ी संख्या में भाग लेने के लिए वृद्धजनों का आभार व्यक्त किया।