जयपुर: जयपुर भाजपा शहर द्वारा मोदी का सपना "आत्मनिर्भर भारत एवं संकल्प" अभियान के तहत गुरुवार को 54 निराश्रित एवं गरीब परिवारों को स्व रोजगार के सामान उपलब्ध करवाए जाएंगे। यह ऐतिहासिक आयोजन अंबाबाड़ी स्थित आदर्श विद्या मंदिर स्कूल में होगा। इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव रहेंगे। इस अवसर पर राजस्थान के मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा, उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़, जयपुर के प्रभारी मंत्री जोगाराम पटेल एवं सांसद मंजू शर्मा अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे। भाजपा जयपुर शहर अध्यक्ष अमित गोयल ने बताया कि आत्मनिर्भर भारत अभियान के तहत यह भारत में ऐसा पहला कार्यक्रम है, जिसमें भाजपा की शहर इकाई की ओर से स्वरोजगार के सामान उपलब्ध करवाए जा रहे हैं। गरीब परिवारों को सब्जी व फल के ठेले, ट्रॉली रिक्शा, वेल्डिंग मशीन, वजन तोलने की मशीन, लुहार का सामान, ज्यूस की मशीन एवं अन्य कई रोजगार के साधन दिए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि घुमंतू जाति न्यास उत्थान की ओर से चिन्हित बेहद गरीब परिवारों को ठेले व बेचने की सामग्री दी जाएगी। इससे पहले कार्यक्रम में एक संगोष्ठी का आयोजन भी होगा। जिसमें व्यापारी, प्रबुद्धजन, उद्योगपति, प्रोफेशनल सहित भाजपा के समस्त पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता भी मौजूद रहेंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा राजनीतिक पार्टी के साथ सामाजिक सरोकार वाली पार्टी भी है और हमें समाज के वंचित वर्ग को भी आत्मनिर्भर बनाना है और मोदी जी का संकल्प पूरा करना है। आत्मनिर्भर भारत एवं संकल्प अभियान की संयोजक रेखा राठौड़ ने बताया कि पहली बार अपना काम शुरू करने जा रहे गरीब परिवारों को दिवाली के मौके पर रोजगार उपलब्ध करवाया जाएगा, ताकि दिवाली पर उनके घर में खुशियां आए। इनमें महिलाओं की संख्या अधिक रहेगी। उन्हें माला, दुपट्टा और नारियल देकर सम्मानित किया जाएगा। इस कार्यक्रम में अभियान संयोजक महेंद्र यादव, विजय शर्मा, संजय जयसवाल भी मौजूद रहेंगे।
दिवाली से पहले जयपुर शहर भाजपा की अनूठी पहल, 54 गरीब निराश्रित परिवारों को दिया जाएगा स्वरोजगार का सामान
By -
October 15, 2025
0
Tags: