राष्ट्रीय एकता दिवस पर जयपुर में होगा संयुक्त राष्ट्र संघ स्थापना दिवस का समापन महोत्सव

AYUSH ANTIMA
By -
0


जयपुर (श्रीराम इंदौरिया): अन्तर्राष्ट्रीय समरसता मंच द्वारा इस वर्ष संयुक्त राष्ट्र संघ स्थापना दिवस का समापन महोत्सव राष्ट्रीय एकता दिवस 31 अक्टूबर 2025 के अवसर पर भव्य रूप से मनाया जाएगा। यह आयोजन भारत रत्न, लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर राजस्थान की राजधानी जयपुर में आयोजित किया जाएगा। समारोह की अध्यक्षता डॉ.हुकुम चन्द्र गणेशिया, कुलपति, रोमा इंटरनेशनल कल्चर विश्वविद्यालय, नई दिल्ली करेंगे। उन्होंने बताया कि भारत की आजादी के संघर्ष में सरदार पटेल का योगदान अमूल्य रहा है। उन्होंने विभिन्न रियासतों का विलय कर भारत को एक राष्ट्र के रूप में स्थापित किया। उनके प्रयासों की स्मृति में ही प्रत्येक वर्ष राष्ट्रीय एकता दिवस मनाया जाता है। लौह पुरुष एकता अवार्ड समारोह में शिक्षा, चिकित्सा, न्याय और समाज सेवा सहित विभिन्न क्षेत्रों की प्रतिभाओं को "लौह पुरुष एकता अवार्ड" प्रदान किया जाएगा। यह सम्मान सरदार पटेल के आदर्शों और उनके एकता संदेश को समर्पित रहेगा।

*संयुक्त राष्ट्र स्थापना दिवस समापन समारोह*
मंच के मुख्य सलाहकार डॉ.कुलदीप प्रसाद शर्मा, एडवोकेट, राजस्थान उच्च न्यायालय, जयपुर ने बताया कि संयुक्त राष्ट्र स्थापना दिवस का समापन भी इसी दिन राष्ट्रीय एकता दिवस पर किया जाएगा। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य "वसुधैव कुटुम्बकम्", "ग्लोबल विलेज" और "सत्यम शिवम् सुंदरम" की अवधारणाओं के माध्यम से भारत की वैश्विक प्रतिष्ठा को और ऊँचाई पर ले जाना है।
*192 राष्ट्रध्वजों का अभिनंदन*

इस अवसर पर 192 देशों के राष्ट्रध्वजों का वैदिक परंपरा के अनुसार तिलक वंदन कर नागरिक अभिनंदन किया जाएगा। यह अनूठा आयोजन भारत की सांस्कृतिक धरोहर और पंचशील सिद्धांतों को विश्व मंच पर स्थापित करने का एक सशक्त संदेश देगा।
*वैश्विक समर्थन और आमंत्रण*
समरसता मंच के जम्मू दीप पदम श्री अवार्डी डॉ.विनोद कुमार शास्त्री ने बताया कि मंच को 25 देशों का नैतिक समर्थन प्राप्त हो चुका है। चयनित प्रतिभाओं को आमंत्रण पत्र भेजे जा रहे हैं। विशेष बात यह है कि इस कार्यक्रम में राजस्थान सरकार और विपक्ष दोनों को आमंत्रित किया जा रहा है, ताकि वैश्विक शांति और एकता का संदेश संपूर्ण समाज तक पहुँच सके।
यह आयोजन न केवल भारत की शक्ति और प्रतिष्ठा का प्रतीक बनेगा, बल्कि सरदार पटेल के "एक भारत श्रेष्ठ भारत" के सपने को भी साकार करने की दिशा में एक प्रेरक कदम साबित होगा।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!