जयपुर (श्रीराम इंदौरिया): शहर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने के अभियान के तहत नगर निगम (ग्रेटर) जयपुर द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में सोमवार को मानसरोवर क्षेत्र स्थित न्यू सांगानेर रोड पर किसान धर्म कांटा चौराहे पर लगने वाली रावण मंडी द्वारा सार्वजनिक स्थान पर गंदगी फैलाने की शिकायत पर निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान मंडी संचालकों द्वारा जगह-जगह कचरा व गंदगी फैलाए जाने की पुष्टि हुई। जिस पर नगर निगम की स्वास्थ्य शाखा ने मौके पर ही कैरिंग चार्ज व चालानी कार्यवाही करते हुए जुर्माना वसूल किया। इस कार्रवाई में स्वास्थ्य निरीक्षक किशन कुमार एवं वार्ड सुपरवाइज़र (जमादार) राज लखन मौजूद रहे। निगम अधिकारियों ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि भविष्य में इस प्रकार की लापरवाही व स्वच्छता नियमों की अवहेलना की जाती है तो और अधिक सख्त कार्रवाई की जाएगी। निगम प्रशासन ने क्षेत्रवासियों से अपील की है कि वे गंदगी फैलाने से बचें और स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग करें। नगर निगम का कहना है कि जयपुर को स्वच्छ रखने के लिए इस प्रकार की कार्यवाही आगे भी निरंतर जारी रहेगी।
किसान धर्म कांटा चौराहे पर रावण मंडी द्वारा गंदगी फैलाने पर कार्रवाई, जुर्माना वसूला
By -
September 29, 2025
0
Tags: