जयपुर (श्रीराम इंदौरिया): 10वें आयुर्वेद दिवस के उपलक्ष्य में राष्ट्रीय आयुर्वेद संस्थान मानद विश्वविद्यालय जयपुर, भगवान महावीर कैंसर अस्पताल एवं कैंसर केयर जयपुर के संयुक्त तत्वावधान में कैंसर परामर्श इकाई एवं प्रसूति तंत्र एवं स्त्री रोग विभाग द्वारा एक विशेष "कैंसर जांच आपके द्वार" निःशुल्क जांच एवं जागरूकता शिविर का आयोजन किया जा रहा है। यह शिविर 19 सितंबर 2025, शुक्रवार को प्रातः 9 बजे से दोपहर 3 बजे तक ओपीडी राष्ट्रीय आयुर्वेद संस्थान, जोरावर सिंह गेट, आमेर रोड में आयोजित किया जाएगा। शिविर की जानकारी देते हुए डॉ.भारती कुमार मंगलम, विभागाध्यक्ष स्त्री रोग विभाग एवं डॉ.शरद पोर्टे प्रोफेसर एवं प्रभारी आयुर्वेद कैंसर परामर्श इकाई ने बताया कि इस शिविर में मेमोग्राफी (स्तन जांच), पेप स्मीयर टेस्ट (गर्भाशय जांच), एक्स-रे (फेफड़ों की जांच), सीए 125 (ओवरी जांच), पीएसए (प्रोस्टेट जांच) सहित अन्य रक्त परीक्षण निःशुल्क किए जाएंगे। इस शिविर में उपस्थित रोगियों को विशेषज्ञ डॉक्टरों द्वारा परामर्श भी प्रदान किया जाएगा, ताकि कैंसर के प्रारंभिक लक्षणों का समय पर पता लगाकर उचित उपचार सुनिश्चित किया जा सके।
कैंसर जैसे गंभीर रोगों से बचाव एवं जागरूकता बढ़ाने के लिए यह पहल अत्यंत महत्वपूर्ण मानी जा रही है। सभी नागरिकों से अनुरोध है कि वे इस निःशुल्क जांच एवं जागरूकता शिविर में भाग लेकर स्वास्थ्य लाभ उठाएं।