पिलानी (राजेन्द्र शर्मा झेरलीवाला): बिरला शिक्षण संस्थान के तत्त्वावधान में बिरला बालिका विद्यापीठ, पिलानी में शिक्षक दिवस समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बिरला शिक्षण संस्थान के निदेशक मेजर जनरल (रिटायर्ड) एसएस नायर थे। विद्यालय की प्राचार्या अचला वर्मा ने सभी उपस्थित अतिथियों का स्वागत करते हुए समारोह में दिए जाने वाले पुरस्कारों के बारे में विस्तृत जानकारी दी। समारोह के प्रथम चरण में संस्थान के सभी विद्यालयों के 106 शिक्षक-शिक्षिकाओं को उनके विशिष्ट कार्यों दसवीं, बारहवीं बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ठ परिणामों आदि के आधार पर पुरस्कार प्रदान किए गए। सर्वप्रथम 10वीं और 12वीं कक्षाओं में उत्कृष्ट परिणाम देने वाले, विभिन्न विषयों में शत-प्रतिशत अंक दिलाने वाले शिक्षक-शिक्षिकाओं को भी स्मृतिचिह्न व शाल भेंटकर प्रोत्साहित किया गया, तदुपरांत प्रत्येक विद्यालय के प्राथमिक एवं माध्यमिक स्तर पर सर्वश्रेष्ठ कार्य करने वाले अध्यापक-अध्यापिकाओं को सम्मानित किया गया। इसी क्रम में विद्यालय में शत प्रतिशत उपस्थिति देने वाले शिक्षकों को भी पुरस्कृत किया गया। इस अवसर पर श्रीमती मीनाक्षी रत्नाकर ने अपने कर कमलों से समारोह के विशेष पुरस्कार 'कर्नल रत्नाकर अवॉर्ड' के अंतर्गत बिरला शिक्षण संस्थान द्वारा संचालित पिलानी की आवासीय स्कूल के शिक्षक और शिक्षकाओ को "मोस्ट इंस्पायरिंग टीचर'" का अवॉर्ड प्रदान किया।
वहीं एक अन्य विशिष्ट पुरस्कार 'प्रो.वीएस राव फाउंडेशन अवार्ड' के अंतर्गत 'बेस्ट टीचर अवार्ड' दिया गया। समारोह के द्वितीय चरण में आयोजित संगीत-संध्या कार्यक्रम में संस्थान के संगीत शिक्षकों ने अपनी मनमोहक प्रस्तुतियों से सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। मुख्य अतिथि मेजर जनरल एसएस नायर ने अपने संबोधन में सभी शिक्षकों और प्राचार्यों को बधाई देते हुए उनके प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम शिक्षकों को प्रेरणा प्रदान करते हैं और शिक्षा की गुणवत्ता को और सुदृढ़ बनाने में सहायक होते हैं। उन्होंने पुरस्कार प्राप्त करने वाले सभी शिक्षकों को बधाई देते हुए कहा कि यह सम्मान केवल व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं है, बल्कि यह समर्पण, परिश्रम और संस्थान की सामूहिक सफलता का प्रतीक है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि आने वाले वर्षों में भी बीईटी के शिक्षक इसी प्रकार नए कीर्तिमान स्थापित करते रहेंगे। समारोह में उपनिदेशक (वित्त) डॉ.जीएस गौड़, मिनाक्षी रत्नाकर, वरुण रत्नाकर, पवन वशिष्ठ प्राचार्य बिरला शिशु विहार, धीरेंद्र सिंह प्राचार्य बिरला स्कूल, काजल मारवाह प्राचार्या बिरला पब्लिक स्कूल, शोभा वर्मा प्रशासनिक अधिकारी बाल निकेतन, कपिल शर्मा, डॉ.मनोज जांगिड़, डॉ.हरी सिंह सांखला, विक्रमजीत अरोड़ा, शिवराज सिंह, सुरेश चंद सैनी, पीजे ठाकुरियाँ सहित बड़ी संख्या में शिक्षक-शिक्षिकाएँ एवं गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।