रूणिचा मेले की धूम: कोलायत सरोवर में उमड़ी आस्था की भीड़, पुलिस और SDRF ने संभाली कमान

AYUSH ANTIMA
By -
0


श्रीकोलायत/बीकानेर (राहुल सेवग): कोलायत कस्बा इन दिनों धार्मिक आस्था और श्रद्धा का केंद्र बना हुआ है। रूणिचा मेले के अवसर पर शनिवार को हजारों-लाखों श्रद्धालुओं ने पवित्र कपिल सरोवर में स्नान कर पुण्य लाभ अर्जित किया। सुबह से ही श्रद्धालुओं का तांता सरोवर घाटों पर लगा रहा। परंपरा के अनुसार स्नान के बाद श्रद्धालु रूणिचा धाम की ओर प्रस्थान कर रहे हैं। श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए प्रशासन और पुलिस पूरी तरह से मुस्तैद है। पुलिस और SDRF की टीमें लगातार गश्त कर रही हैं और सुरक्षा इंतजामों पर पैनी नजर बनाए हुए हैं। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त जवानों की तैनाती की गई है।

*प्रशासन अलर्ट नजर आया* 

श्रीकोलायत पुलिस के थानाधिकारी लखवीर सिँह ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। सुरक्षा की दृष्टि से सरोवर क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरों से भीड़ की निगरानी की जा रही है।

*कपिल मुनि मंदिर में दर्शन की व्यवस्था*
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मंदिरों में अलग-अलग लाइनों से दर्शन व्यवस्था की गई है। लंबी कतारों में भक्त पूजा-अर्चना में लगे हुए हैं। वहीं, कई श्रद्धालु संकीर्तन और भजन-कीर्तन का आनंद ले रहे हैं।

*श्रद्धालुओं का उत्साह*
जयपुर, हनुमानगढ़, गंगानगर, चूरू, रतनगढ़, पंजाब, हरियाणा से आए श्रद्धालुओ ने बताया कि कपिल सरोवर में स्नान करने के बाद रूणिचा धाम जाना उनकी वर्षों पुरानी परंपरा है। वहीं, बीकानेर से आए श्रद्धालुओं ने प्रशासन की व्यवस्था को संतोषजनक बताया।

*मेले में रौनक*
धार्मिक गतिविधियों के साथ-साथ मेले में दुकानें, जरूरत के सामान भी श्रद्धालुओं को आकर्षित कर रहे हैं। बच्चों से लेकर बुजुर्ग तक सभी उत्साह में नजर आ रहे हैं।


*श्रीकोलायत की मुख्य सड़क बदहाल*
कोलायत कस्बे की मुख्य सड़क पर गहरे खड्डे होने से श्रद्धालुओं को भारी परेशानी हो रही है। खासकर बाइक और गाड़ी चालकों को सफर के दौरान दिक्कत झेलनी पड़ रही है।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!