जोधपुर (रंजन दईया): मसूरिया स्थित लोक देवता बाबा रामदेव मेले का शनिवार को विधिवत शुभारंभ हुआ। मीडिया प्रभारी एवं प्रवक्ता रंजन दईया ने बताया कि इस अवसर पर जिला कलेक्टर गौरव अग्रवाल और डीसीपी विनीत बंसल ने फीता काटकर मेले का विधिवत उद्घाटन किया। मेले में भारी संख्या में श्रद्धालु और स्थानीय लोग शामिल हुए। बाबा रामदेव के दर्शन के लिए भक्तों का तांता लगा रहा। मेले में सांस्कृतिक कार्यक्रम, धार्मिक आयोजन और विभिन्न स्टॉल्स आकर्षण का केंद्र रहे। जिला प्रशासन ने सुरक्षा और व्यवस्था के लिए पुख्ता इंतजाम किए हैं। इस अवसर पर बाबा रामदेव जी के गुरु बलिदनाथ जी की समाधि स्थल के अध्यक्ष नरेंद्र चौहान, सचिन नरेंद्र गोयल, उपाध्यक्ष शिव प्रसाद दईया, दिनेश गोयल,
कोषाध्यक्ष पुरुषोत्तम राखेचा, दिनेश पंवार के साथ अन्य सदस्य मौजूद रहे। जिला कलेक्टर गौरव अग्रवाल ने कहा कि यह मेला जोधपुर की सांस्कृतिक और धार्मिक पहचान का प्रतीक है। डीसीपी विनीत बंसल ने बताया कि मेले में शांति और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया है। बाबा रामदेव मेला, जो भाद्रपद शुक्ल पक्ष की द्वितीया से दशमी तक आयोजित होता है, देश भर से लाखों श्रद्धालुओं को आकर्षित करता है। यह मेला बाबा रामदेव जी के गुरु बालीनाथ की समाधि स्थल पर आयोजित होने वाला एक प्रमुख धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन है, बाबा रामदेव, जिन्हें भगवान कृष्ण का अवतार माना जाता है, ने अपने चमत्कारों और सामाजिक समरसता के कार्यों से लोगों के दिलों में विशेष स्थान बनाया है। मेला अगले कुछ दिनों तक जारी रहेगा, जिसमें विभिन्न कार्यक्रमों और गतिविधियों का आयोजन होगा।