झुंझुनूं (राजेन्द्र शर्मा झेरलीवाला): मंड्रेला कस्बे में बारिश के बाद बने हालातों ने एक बार फिर निकासी व्यवस्था की पोल खोल दी है। सोशल मीडिया पर सामने आए एक वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि हल्की बारिश के बाद ही सड़कों पर जलभराव हो गया और दुपहिया वाहन चालक गंदे पानी में गिरते-पड़ते नजर आ रहे हैं। यह वीडियो वार्ड नंबर 18 और 19 का बताया जा रहा है, जहां बारिश के बाद सड़कें तालाब में तब्दील हो गईं। सीसीटीवी फुटेज में दिखाई दे रहा है कि बाइक सवारों को गंदे पानी में संतुलन बनाए रखना मुश्किल हो रहा है और कई लोग गिरकर चोटिल होते भी नजर आते हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि मंड्रेला में हर बारिश के बाद यही हालात बन जाते हैं, लेकिन पानी निकासी की स्थायी व्यवस्था अब तक नहीं हो पाई है। विकास के तमाम दावों के बावजूद कस्बे में जलजमाव की समस्या बरकरार है, जिससे आमजन को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
3/related/default