गौशाला संचालकों की त्रैमासिक बैठक सम्पन्न

AYUSH ANTIMA
By -
0


झुंझुनूं (राजेन्द्र शर्मा झेरलीवाला): जिले की गौशालाओं के संचालन और व्यवस्थाओं को लेकर शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला कलेक्टर डॉ.अरुण गर्ग की अध्यक्षता में त्रैमासिक बैठक आयोजित की गई। बैठक में गौशाला संचालकों और विभागीय अधिकारियों ने जिले की गौशालाओं की वर्तमान स्थिति, संचालन, संसाधनों और भविष्य की योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की। बैठक के दौरान गौशाला संचालकों ने गौशालाओं की भूमि से अतिक्रमण हटाने, सीमांकन करवाने और नई गौशालाओं को भूमि आवंटन करने की मांग रखी। इस पर जिला कलेक्टर ने एसीएम झुंझुनूं को भूमि आवंटन प्रस्ताव के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राजस्व विभाग समयबद्ध रूप से सीमांकन कर अतिक्रमित भूमि को मुक्त कराए, ताकि गोवंश के लिए सुरक्षित चारागाह उपलब्ध हो सके। डॉ.गर्ग ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि गौशालाओं में बिजली और पानी जैसी मूलभूत सुविधाएं प्राथमिकता से उपलब्ध कराई जाएं। साथ ही पशुपालन विभाग को आदेशित किया कि जिले में मौजूद निराश्रित गोवंश को चिन्हित कर नियमानुसार गौशालाओं में स्थानांतरित किया जाए और वहां निःशुल्क पशु चिकित्सा सेवाएं सुनिश्चित की जाएं। जिला कलेक्टर ने भौड़की गौशाला में सप्ताह में तीन दिन पशु चिकित्सक की नियुक्ति करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गौशालाओं की कार्यकारिणी का पुनर्गठन समय-समय पर किया जाए और गोपालन समिति की बैठक हर सोमवार को नियमित रूप से आयोजित हो। बैठक में पशुपालन विभाग के संयुक्त निदेशक डॉ.शिव कुमार, गौशाला प्रभारी डॉ.मुकेश काजला, नगर परिषद आयुक्त दिलीप पूनिया, पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता शंकर लाल, लेखा अधिकारी सतीश खेदड़, एवीवीएनएल के अधीक्षण अभियंता एम.के. टिबड़ा, झुंझुनूं जिला गौ सेवा समिति अध्यक्ष ताराचंद भौड़की, कार्यकारी अध्यक्ष निरंजन जानू, प्रवक्ता कैलाश व्यास लिखवा सहित विभिन्न गौशाला प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!