झुंझुनूं (राजेन्द्र शर्मा झेरलीवाला): मुख्यमंत्री के विशेष निर्देशों और राज्य सरकार की संवेदनशील पहल के तहत चलाए जा रहे “गिव अप अभियान” में झुंझुनूं जिले ने उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। जिले में 48,710 पात्र लोगों ने स्वेच्छा से खाद्य सुरक्षा लाभ छोड़ा है, जिससे लगभग 34,974 गरीब एवं ज़रूरतमंद परिवारों को योजना से जोड़ा जा सका है। जिला रसद अधिकारी ने बताया कि यह अभियान आमजन की सामाजिक संवेदनशीलता और सहयोग से बड़ी सफलता की ओर अग्रसर है। उन्होंने कहा कि “गिव अप अभियान” का मुख्य उद्देश्य उन वंचित और पात्र परिवारों को लाभ पहुंचाना है, जो अब तक सूची से बाहर थे। राज्य स्तर पर अब तक 27 लाख से अधिक लोगों ने स्वेच्छा से त्याग किया है, जिससे लाखों परिवारों को खाद्य सुरक्षा का अधिकार प्राप्त हुआ है। विभाग द्वारा पात्र परिवारों को निःशुल्क इलाज की सुविधा 10 लाख रुपये तक और 24 घंटे दुर्घटना बीमा जैसी योजनाओं से भी लाभान्वित कराया जा रहा है।
अभियान की अवधि को बढ़ाते हुए इसे अब 31 अगस्त 2025 तक लागू रखा गया है, ताकि और भी अधिक लोग इससे जुड़ सकें। जिला प्रशासन ने इस पहल को सफल बनाने में योगदान देने वाले सभी जागरूक नागरिकों का आभार व्यक्त किया है और अपील की है कि ज्यादा से ज्यादा लोग इस सामाजिक मुहिम में भागीदार बनें।